कम्युनिस्ट पार्टी ने महंगाई पर केंद्र सरकार का फूंका पुतला

पेट्रोल डीजल के निरंतर बढ़ रहे दाम के विरोध में बुधवार को कम्युनिस्ट पार्टी ने कामरेड चरणजीत सिंह चठियाल की अगुवाई में बस स्टैंड पर केंद्र सरकार का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 05:43 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:58 AM (IST)
कम्युनिस्ट पार्टी ने महंगाई पर केंद्र सरकार का फूंका पुतला
कम्युनिस्ट पार्टी ने महंगाई पर केंद्र सरकार का फूंका पुतला

संवाद सहयोगी, गढ़दीवाला : पेट्रोल डीजल के निरंतर बढ़ रहे दाम के विरोध में बुधवार को कम्युनिस्ट पार्टी ने कामरेड चरणजीत सिंह चठियाल की अगुवाई में बस स्टैंड पर केंद्र सरकार का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। इससे पहले कार्यकर्ता दसूहा-होशियारपुर रोड पर स्थित ओकाड़ा आर्य पुत्री सीनियर सेकेंडरी पाठशाला के नजदीक एकत्रित हुए और वहां से रोष मार्च निकाला। कामरेड चरणजीत सिंह चठियाल व अन्य वक्ताओं ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, तब से पेट्रोल व डीजल के दाम में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान जब पेट्रोल व डीजल के दाम में बढ़ोतरी होती थी, तो भाजपा पूरे देश में हो हल्ला करती थी, लेकिन आज केंद्र में भाजपा सरकार के दौरान पेट्रोल डीजल के दाम आसमान को छू रहे हैं, पर भाजपा के नेता चुप है, जैसे उनको सांप सूंघ गया हो। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश अंदर ही अंदर खोखला हो रहा है। इसे लेकर केंद्र सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही।

पेट्रोल डीजल के बढ़ रहे दामों का असर खेतीबाड़ी पर भी पड़ रहा है। किसान महंगे दाम से पेट्रोल डीजल खरीद कर फसलें बीजने के लिए मजबूर हो रहे हैं। इससे किसानी अब घाटे का सौदा साबित हो रही है। इसके अलावा प्रत्येक चीज के दामों में उछाल आने से महंगाई चरमसीमा पर पहुंच चुकी है। इससे हर व्यक्ति निराशा और हताशा के आलम में है। इसके बावजूद केंद्र सरकार को देश की जनता की कोई परवाह नहीं है। केंद्र सरकार कुछ कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए पूरे देश को दांव पर लगा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि जल्द ही पेट्रोल डीजल के बढ़ रहे दाम पर अंकुश लगाए ताकि महंगाई की मार से जनता को राहत मिल सके। इस अवसर पर कामरेड गुरमेश सिंह, कामरेड रणजीत सिंह चौहान, मजैल सिंह, चरण सिंह गढ़दीवाला, मनजीत कौर सीटू हाजिर थे।

chat bot
आपका साथी