पति व ताई सास के झगड़े में विवाहिता की मौत, इंसाफ के लिए प्रदर्शन

पति व ताई सास में हुए झगड़े के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मामला तलवाड़ा थाना के अधीन पड़ते गांव रौली का है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Aug 2021 06:51 PM (IST) Updated:Mon, 23 Aug 2021 06:43 AM (IST)
पति व ताई सास के झगड़े में विवाहिता की मौत, इंसाफ के लिए प्रदर्शन
पति व ताई सास के झगड़े में विवाहिता की मौत, इंसाफ के लिए प्रदर्शन

संवाद सहयोगी, तलवाड़ा : पति व ताई सास में हुए झगड़े के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मामला तलवाड़ा थाना के अधीन पड़ते गांव रौली का है। मृतका की पहचान राधा रानी पत्नी सतनाम सिंह वासी रौली हुई है। कत्ल का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर विवाहिता के मायके परिवार के सदस्य रोष स्वरुप रविवार को थाना तलवाड़ा के बाहर बैठ गए और जमकर पुलिस व ससुराल परिवार के खिलाफ नारेबाजी की। परिवार वालों का आरोप था कि पुलिस इस मामले में पक्षपात कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वह मामले की जांच कर रही है और पक्षपात नहीं किया गया। बयान के हिसाब से मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस को दिए बयान में सुषमा देवी ने बताया कि उसकी बहन की शादी पिछले साल 21 अक्टूबर को सतनाम सिंह से हुई थी। उस दौरान हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। इसके बावजूद उसके ससुराल परिवार वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। सुषमा ने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल व अंगुठी तक राधा के पति ने बेच दी। ससुराल वालों से परेशान उसकी बहन 15 दिन से मायके रह रही थी। गत दिवस वह बहन को उसके ससुराल छोड़कर गए थे लेकिन नहर के पास किसी बात को लेकर जीजा सतनाम व ताई सास ज्ञानो देवी के साथ बहस हो गई। इस दौरान तैश में आए जीजा ने राधा को नहर में धक्का दे दिया। वह नहर में तो नहीं गिरी, पर उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। अस्पताल पहुंचाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल परिवार वाले चुपचाप उसकी बहन के शव को रौली ले गए। वहीं मौके पर पहुंच कर थाना प्रभारी ने परिवार वालों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के शव मृतका के परिवार वालों को सौंप दिया।

आरोपित बख्शे नहीं जाएंगे : थाना प्रभारी

इस संबंध में थाना प्रभारी अजमेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो परिजनों का बयान है उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपितों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

chat bot
आपका साथी