चक्रव्यूह की तरह बनाए गए वार्ड 27 में एक नहीं अनेक समस्याएं

निगम बटाला के 50 वार्डों में से 27 नं. वार्ड सबसे बड़ा है। यह वार्ड जितना बड़ा है समस्याएं भी उतनी ही बड़ी हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 08:33 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 08:33 AM (IST)
चक्रव्यूह की तरह बनाए गए वार्ड 27 में एक नहीं अनेक समस्याएं
चक्रव्यूह की तरह बनाए गए वार्ड 27 में एक नहीं अनेक समस्याएं

नरेश भनोट, बटाला :

नगर निगम बटाला के 50 वार्डों में से 27 नं. वार्ड सबसे बड़ा है। यह वार्ड जितना बड़ा है, समस्याएं भी उतनी ही बड़ी हैं। इस वार्ड में 5110 मतदाता हैं। पार्षद ,भाजपा के तेजतर्रार नेता एवं पूर्व नगर परिषद प्रधान नरेश महाजन की पत्नी सुधा महाजन हैं। वार्ड में पड़ने वाले मोहल्लों एवं कालोनियों की गिनती की जाए तो आप का सिर चकराने लगेगा।

वार्ड 27 में मुख्य रूप से गुरुद्वारा श्री कंध साहब, चकरी बाजार ,मोती बाजार, ओहरी चौक, भंडारी मोहल्ला, इंद्र हलवाई वाली गली, टिब्बा बाजार, गणपति एनक्लेव का कुछ हिस्सा सहित और एक दर्जन के करीब मोहल्ले आते हैं। वार्ड को इतना बड़ा और पेचीदा बनाने का ठीकरा पार्षद सुधा महाजन मौजूदा कांग्रेस सरकार के नेताओं पर फोड़ती हैं। पार्षद सुधा महाजन का कहना है कि कांग्रेसी नेताओं ने उन्हें हराने के लिए इतनी बड़ी व्यूह रचना रची ,लेकिन अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए और वह अपने समर्थकों के सहयोग से भारी मतों से विजई हुई।

वार्ड में मुख्य समस्या लाइट तथा सीवरेज की

दैनिक जागरण की ओर से जब वार्ड के विभिन्न विभिन्न हिस्सों का दौरा करके उन्हें आ रही समस्याओं बारे वोटरों की राय जानी गई तो, अधिकतर लोगों ने सफाई, रोशनी तथा सीवरेज व्यवस्था की खस्ता हालत बारे अपने विचार व्यक्त किए।

सूरज ढलते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है : दविदर

वार्ड नंबर 27 के अंतर्गत आती गणपति एनक्लेव के दविदर अग्रवाल ने बताया कि कहने को तो गणपति एनक्लेव शहर की पॉश कालोनियों में गिनी जाती है, लेकिन यहां पर स्ट्रीट लाइट ना के बराबर हैं। सूरज ढलते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। जिस कारण कई बार कॉलोनी में चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। नगर निगम के मेयर को चाहिए कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए लाइट की समुचित व्यवस्था करें।

वार्ड नंबर 27 में कुत्तों की भरमार-सतपाल बैंस

इसी वार्ड के निवासी सतपाल बैंस का कहना है कि वार्ड में आवारा कुत्तों की भरमार है। इसके अतिरिक्त दो पहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को काटने से भी गुरेज नहीं करते। नगर निगम को आवारा कुत्तों की समस्या का कोई हल निकालना चाहिए।

जल आपूर्ति तथा सफाई ना के बराबर : उदय अग्रवाल

वार्ड 27 के अंतर्गत पड़ती आरे वाली गली के निवासी उद्योगपति उदय अग्रवाल ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि हमारे एरिया में सफाई तथा जल पूर्ति की प्रमुख समस्या है। सीवरेज तथा जलापूर्ति विभाग की ओर से पानी की निर्विघ्न सप्लाई ना मिलने के कारण अधिकतर लोगों ने अपने कनेक्शन कटवा दिए हैं। सफाई का आलम तो सारे शहर में ही बिगड़ा हुआ है, इसी कारण डेंगू ने इस बार शहरवासियों पर ज्यादा कहर ढाया है।

समस्याएं नगर निगम की विफलता दर्शाती हैं : पार्षद

वार्ड नंबर 27 के विभिन्न हिस्सों में आ रही कई प्रकार की समस्याओं बारे जब वार्ड की पार्षद सुधा महाजन तथा उनके पति पूर्व नगर परिषद प्रधान नरेश महाजन ने कहा कि जब भी वह समस्याओं बारे नगर निगम के मेयर से बात करती हैं तो उन्हें फंड की कमी का हवाला दे दिया जाता है। उपरोक्त समस्याएं केवल 27 नंबर वार्ड में नहीं अपितु सारे शहर में ही हैं।

chat bot
आपका साथी