धू-धू कर जले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले
बदी पर नेकी की जीत का पावन पर्व दशहरा शुक्रवार शाम सूरज ढलने से पूर्व लंकापति रावण कुंभकर्ण तथा मेघनाद के पुतलों को अग्नि भेंट कर संपन्न हो गया।
जागरण टीम, बटाला : बदी पर नेकी की जीत का पावन पर्व दशहरा शुक्रवार शाम सूरज ढलने से पूर्व लंकापति रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाद के पुतलों को अग्नि भेंट कर संपन्न हो गया। जैसे ही भगवान श्रीराम का स्वरूप धारण किए श्री रामलीला क्लब के कलाकारों ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को तीरों द्वारा भेद कर अग्नि के हवाले किया गया तो चारों ओर हवा में जय श्री राम और हर हर महादेव के गगनचुंबी जयकारे गूंजने लगे।
शहर में इस बार विभिन्न दशहरा कमेटियों द्वारा तीन स्थानों विश्वामित्र स्टेडियम आपोजिट आरडी खोसला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजीव गांधी स्टेडियम पालिटेक्निकल कालेज तथा मोहल्ला प्रेम नगर दारा सलाम में दशहरा पर्व का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों की संख्या में शहर वासियों ने उपस्थित होकर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों में होने वाली श्रीराम लीलाओं का मंचन करने वाले कलाकार भगवान श्री राम लक्ष्मण हनुमान जी की वेशभूषा में दशहरा स्थलों पर पहुंचे और अपनी कला का अभिनय करते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। विश्वामित्र स्टेडियम में मुख्य मेहमान के नाते पहुंचे पंजाब हेल्थ सिस्टम के चेयरमैन अश्विनी सेखड़ी ने लोगों को भगवान श्री राम द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए अनुरोध किया। राजीव गांधी स्टेडियम में इस बार भाजपा के बजाय आप पार्टी के शैरी कलसी ने दशहरा कमेटी से मिलकर कार्यक्रम का आयोजन किया।
इसी प्रकार मोहल्ला प्रेम नगर की ओर से इस बार धड़े बंदी के चलते श्री रामलीला का आयोजन तो नहीं किया गया, लेकिन दशहरा पर्व सभी ने धूमधाम से मिलकर मनाया। दशहरा स्थलों पर बने रावण, मेघनाद तथा कुंभकर्ण के गगनचुंबी पुतले को देखने के लिए छोटे बच्चों तथा नौजवानों में काफी उत्साह देखा गया। पुलिस द्वारा किए गए थे, व्यापक प्रबंध
एसएसपी मुखविदर सिंह भुल्लर की तरफ से पुलिस अधिकारियों की तरफ से पुरा सुरक्षा प्रबंध था। जहां- जहां रावण का पुतला जलाया गया, वहीं पुलिस की तरफ से लोगो की सुरक्षा की गई थी। पुलिस की भारी फोर्स मैदान में देखने को मिली।