रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भगवान जगन्नाथ के रंग में रंगा बटाला

माथे पर चंदन का तिलक लगाकर महामंत्र हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे कर भक्त जमकर झूमे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Dec 2019 03:49 PM (IST) Updated:Sun, 08 Dec 2019 03:49 PM (IST)
रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भगवान जगन्नाथ के रंग में रंगा बटाला
रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भगवान जगन्नाथ के रंग में रंगा बटाला

संवाद सूत्र, बटाला: माथे पर चंदन का तिलक लगाकर हरे कृष्ण,हरे कृष्ण,कृष्ण कृष्ण, हरे हरे। हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे की धुन पर नृत्य करते हुए भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालु ऐसे लग रहे थे, जैसे भगवान के सखा गो लोक धाम से धरती पर उतर आए हो।

ऐसा भव्य नजारा भगवान जगन्नाथ मंदिर खजूरी गेट द्वारा आयोजित रथ यात्रा में शनिवार को शहर में देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ की छत्रछाया तथा रामानंद दास प्रभु के नेतृत्व में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन खुशी वाटिका अमृतसर रोड में किया गया।

सबसे पहले साढ़े 11 बजे फूलों की वर्षा के बीच भगवान श्री जगन्नाथ उनकी बहन सुभद्रा तथा बड़े भाई बलदेव दिव्य रथ पर विराजमान हुए। साढ़े 12 बजे भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। तत्पश्चात भगवान की अलग-अलग आरती की गई ।3 बजे खुशी वाटिका से रथ यात्रा बैंड बाजों के बीच शहर के लिए रवाना हुई। यात्रा के सारे रास्ते में कलाकारों द्वारा बड़े साइज की रंगोलियां बनाकर राहगीरों का ध्यान यात्रा की ओर आकर्षित किया गया।

यात्रा में शामिल तथा भगवान जगन्नाथ जी के रथ के दर्शन करने वाला हर व्यक्ति भाव विभोर होकर भगवान के जयकारे लगाते देखा गया। खुशी वाटिका जीटी रोड से शुरू हुई यह यात्रा गांधी चौक, लोहा मंडी, लक्कड़ मंडी, हंसली पुल, सर्कुलर रोड से होती हुई जस्सा सिंह रामगढि़या हाल में देर शाम समाप्त हुई।

दुकानदारों द्वारा फूलों की वर्षा कर इस भव्य रथयात्रा का स्वागत किया गया। रथ यात्रा का मुख्य आकर्षक गजराज भी रहे जो अपनी सूंड द्वारा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते नजर आए। रथ यात्रा के समापन पर जस्सा सिंह हाल में श्रद्धालुओं में प्रसाद भी वितरित किया गया।

chat bot
आपका साथी