आवारा कुत्तों ने युवक को नोच नोच कर मार डाला

शहर के गीता भवन रोड पर रविवार रात ढाई बजे आवारा कुत्तों ने रास्ते से गुजर रहे एक युवक को अपना शिकार बना लिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Jul 2021 05:37 PM (IST) Updated:Mon, 12 Jul 2021 05:37 PM (IST)
आवारा कुत्तों ने युवक को नोच नोच कर मार डाला
आवारा कुत्तों ने युवक को नोच नोच कर मार डाला

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : शहर के गीता भवन रोड पर रविवार रात ढाई बजे आवारा कुत्तों ने रास्ते से गुजर रहे एक युवक को अपना शिकार बना लिया। आवारा कुत्तों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और उसे कई जगह पर नोच-नोच कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुबह छह बजे गंभीर रूप से घायल युवक को देखने पर इलाका निवासी रवि कुमार ने थाना सिटी की पुलिस को सूचित किया। पुलिस कर्मचारियों ने एंबुलेंस से घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 33 साल है।

उधर, आवारा कुत्तों द्वारा इस घटना को अंजाम देने के बाद लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि छोटे बच्चे सड़कों पर खेलते हैं जबकि महिलाएं भी सुबह पांच बजे मंदिर जाती हैं। ऐसे में ये आवारा कुत्ते अक्सर उन पर हमला करने की कोशिश करते हैं। घटनास्थल पर पहुंचे पीसीआर के कुछ कर्मचारियों ने भी बताया कि रात्रि पेट्रोलिग के समय में उनकी ड्यूटी जब इस रोड पर होती है तो वे इस सड़क से निकल नहीं पाते। यहां एक दर्जन से अधिक कुत्तों का झुंड हर गुजरने वाले व्यक्ति पर हमला बोल देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्तों की वजह से वे रात्रि विवाह-शादी में भी नहीं जाते जबकि सुबह सैर के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हुआ पड़ा है। थाना सिटी के प्रभारी समीर एस मान का कहना है कि व्यक्ति का शव कब्जे में ले लिया गया है। हालांकि उसकी पहचान नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले संबंधी पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है। घटना सीसीटीवी में कैद

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि गीता भवन रोड पर स्थित पेट्रोल पंप की तरफ से एक युवक मंदिर की तरफ जा रहा है। जैसे ही वह बीच रास्ते पहुंचा तो दोनों तरफ से आवारा कुत्तों ने उसको घेर लिया और नोचना शुरू कर दिया। उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। सुबह जब पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो युवक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। दुकानदार कुत्तों को देता था कच्चा मांस

सीतामऊ रोड के कुछ लोगों ने बताया कि इसी रोड पर एक दुकानदार आवारा कुत्तों को रोजाना कच्चा मांस डालता था, जिससे कुत्ते आदमखोर का रूप धारण कर चुके थे। उन्हें मांस खाने की आदत पड़ चुकी थी। इसी वजह से कुत्तों ने रात्रि को व्यक्ति पर हमला किया, जिसके बाद उसकी जान चली गई। लोगों ने पुलिस विभाग से इस मामले को लेकर गंभीरता से जांच करने के साथ-साथ आवारा कुत्तों को कच्चा माल डालने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

chat bot
आपका साथी