ससुराल वालों से तंग आकर महिला ने दी जान, पति सहित सात पर केस

ससुराल वालों से तंग आकर एक विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 05:55 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 05:55 PM (IST)
ससुराल वालों से तंग आकर महिला ने दी जान, पति सहित सात पर केस
ससुराल वालों से तंग आकर महिला ने दी जान, पति सहित सात पर केस

संवाद सहयोगी, किला लाल सिंह : ससुराल वालों से तंग आकर एक विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना थाने के अंतर्गत आते गांव कोट मजलस की है। थाना किला लाल सिंह की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान जसविदर कौर पत्नी मलकीत सिंह निवासी कोट मजलस के रूप में हुई है। जसविंदर के मायके परिवार ने ससुराल वालों पर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने पति सहित ससुराल परिवार के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपित फरार हैं।

जसविंदर कौर के भाई लवप्रीत सिंह निवासी गांव वरपाल जिला अमृतसर ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन की शादी सवा साल पहले गांव कोट मजलस के रहने वाले मलकीत सिंह के साथ हुई थी। मलकीत सिंह अमेरिका में रहता है। शादी के बाद उनकी बहन से ससुराल वाले दहेज में कार व अन्य सामान की मांग करते थे। हालांकि शादी में उनकी सभी शर्ते पूरी की गई थीं। लवप्रीत ने बताया कि उनकी बहन के साथ ससुराल वाले मारपीट भी करते थे। रविवार को देर रात उनकी बहन के ससुराल वालों ने फोन किया कि जसविंदर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। वे मौके पर पहुंचे तो जसविंदर का शव बेड पर पड़ा था। जब अस्पताल में चेकअप के लिए लेकर जाया गया तो वहां डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि दहेज में कार नहीं मिलने पर उसके ससुराल परिवार की तरफ से उसकी हत्या कर दी गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि उसकी बहन के ससुरालियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। थाना किला लाल सिंह के जांच अधिकारी एसआइ हरमीक सिंह ने बताया कि मृतका का सोमवार को सिविल अस्पताल बटाला में पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। लवप्रीत सिंह के बयान दर्ज कर मृतका के पति मलकीत सिंह, सास बलविदर कौर, जेठ मेजर सिंह, जेठानी अमरदीप कौर, ननद सिमर, ननद कवलजीत कौर व उसके पति सुखवंत सिंह के खिलाफ 304 बी,149 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी