एल-3 लेवल आक्सीजन देने वाली मशीन अब सिविल अस्पताल बटाला में उपलब्ध
सिविल अस्पताल में आक्सीजन के एल-3 लेवल वाले मरीजों को अमृतसर रेफर करने की जरूरत नहीं रहेगी।
संवाद सहयोगी, बटाला : सिविल अस्पताल में आक्सीजन के एल-3 लेवल वाले मरीजों को अमृतसर रेफर करने की जरूरत नहीं रहेगी। एल-3 लेवल आक्सीजन देने वाली मशीन अब सिविल अस्पताल में उपलब्ध करवा दी गई है।
इस संबंध में सिविल अस्पताल के एसएमओ डाक्टर हरपाल सिंह ने बताया कि गिव फाउंडेशन बैंगलोर की ओर से हाई फ्लो नेजल कैनूला मशीन सिविल अस्पताल बटाला को दान दी गई है, जिससे अब एल-3 लेवल के आक्सीजन के मरीजों का यहीं इलाज हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले सिविल अस्पताल में एल-2 लेवल का इलाज ही संभव था और इस मशीन के जरिए लो फ्लो पर आक्सीजन दी जाती थी, जोकि 5 से 15 मीटर आक्सीजन ही बनती थी। अब जो आक्सीजन मशीन एचएफएनसी सिविल अस्पताल बटाला को मिली है उससे हाई फ्लो के जरिए 10 से 60 लीटर आक्सीजन मरीज को दी जा सकती है। सब डवीजन अस्पतालों में इस मशीन की सुविधा केवल सिविल अस्पताल बटाला में ही उपलब्ध है। एसएमओ ने गिव फाउंडेशन बैंगलोर और सिविल विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद करते कहा कि यह मशीन बटाला शहर और इलाके के मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। एमरजेंसी में यह मशीन आक्सीजन देकर र्कइ मरीजों की जान बचाएगी।