नगर कौंसिल प्रधान सहित भाजपा के चार पार्षद शिअद में शामिल

शिअद किसानों की पार्टी है और हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 06:21 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 06:21 PM (IST)
नगर कौंसिल प्रधान सहित भाजपा के चार पार्षद शिअद में शामिल
नगर कौंसिल प्रधान सहित भाजपा के चार पार्षद शिअद में शामिल

सुनील थानेवालिया, गुरदासपुर

शिअद किसानों की पार्टी है और हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है। कृषि बिलों को रद करवाने के लिए हमें लंबी लड़ाई लड़नी होगी। सभी पार्टियों को अकाली दल पर निशाना साधने की बजाय एकजुट होकर केंद्र को निशाने पर लेना होगा। तभी उक्त बिलों को रद करवाया जा सकेगा। ये बातें शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने गांव बब्बेहाली के खेल स्टेडियम में रैली के दौरान कही। उधर, गठबंधन टूटने के बाद अकाली दल की पहली ही रैली में भाजपा को करारा झटका लगा। भाजपा के नगर कौंसिल प्रधान मनोज कुमार शैंपी सहित चार पार्षद अकाली दल में शामिल हो गए।

अकाली-भाजपा गठबंधन टूटने के बाद सोमवार को बब्बेहाली में शिअद ने रैली की। जिला प्रधान गुरबचन सिंह बब्बेहाली के नेतृत्व में हुई रैली में सुखबीर ने कहा कि जब तक पूरा देश पंजाब पर निर्भर था तब तक पंजाब की हर तरफ सुनवाई थी। लेकिन अब पंजाब को इस्तेमाल करने के बाद इसकी आवाज भी नहीं सुनी जा रही। इसलिए हमें एकजुट होकर पंजाब के हक में आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। देश में एनडीए को खड़ा करने वाली अकाली दल से समझौते के बाद भाजपा को चाहिए था कि हर फैसला उनकी सहमति से लिया जाए। इसका प्रत्यक्ष परिणाम यह है कि पंजाब में पांच बार अकाली दल के प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन एक भी फैसला भाजपा की सहमति के बिना नहीं लिया गया। लेकिन जब से केंद्र में भाजपा को पर्याप्त बहुमत मिला है तो उन्होंने एनडीए के किसी भी नेता से मशवरा करना छोड़ दिया है। यहां तक कि भाजपा द्वारा एनडीए के नेताओं से आखिरी बार सात आठ साल पहले बैठक की गई थी। कार्यक्रम के दौरान मिल्क प्लांट के पूर्व चेयरमैन व अकाली दल के यूथ नेता एडवोकेट अमरजोत सिंह बब्बेहाली ने मंच संचालन किया। इस मौके पर बटाला के विधायक लखबीर सिंह लोधीनंगल, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह काहलों, रविकरण सिंह काहलों, इंद्रजीत सिंह रंधावा, गुरइकबाल सिंह माहल व इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन सतीश कुमार डिपल उपस्थित थे। गठबंधन से पहले गुरदासपुर लोकसभा हलके से कभी नहीं जीती भाजपा : बब्बेहाली

गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने कहा कि बादल परिवार हमेशा किसानों के साथ खड़ा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने ही किसानों के ट्यूबवेलों के बिल माफ किए, फोकल प्वाइंट्स चलाए गए, टै्रक्टरों को किसानों का गड्ढा कहकर (रेहड़ा) टैक्स माफ किया गया। उन्होंने कहा कि अगर किसान कमजोर होगा तो व्यापारी व मजदूर भी कमजोर हो जाएंगे। वहीं प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने किसानों के हक में बड़ा फैसला लेकर इतिहास कायम किया है। उन्होंने कहा कि जब तक अकाली-भाजपा गठबंधन नहीं हुआ था भाजपा का उम्मीदवार गुरदासपुर लोकसभा हलके से जीत नहीं पाया। लोकसभा हलका गुरदासपुर से कांग्रेस की सुखबंस कौर भिडर ने लगातार पांच बार जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि गत नगर कौंसिल चुनाव के दौरान 27 में से 22 पार्षद उनके होने के बावजूद उन्होंने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निर्देशों के तहत भाजपा के पार्षद मनोज कुमार शैंपी को नगर कौंसिल का प्रधान बनाया। ये पार्षद हुए शिअद में शामिल

शिअद का हाथ थामने वाले भाजपा के पार्षदों में वार्ड नंबर 24 के पार्षद राम लाल, वार्ड नंबर 25 के पार्षद जगदीप सिंह जज्गी, वार्ड नंबर 14 की पार्षद जसबीर कौर व नगर कौंसिल के प्रधान मनोज कुमार शैंपी शामिल हैं। सुखबीर सिंह बादल ने सिरोपा भेंट कर इनको पार्टी में शामिल किया।

chat bot
आपका साथी