पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ते दामों से लोगों में रोष

पिछले करीब 20 दिनों से रोजाना ही पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ते ही जा रहे दामों की वजह से आम लोगों के दिलों में केंद्र सरकार के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Jul 2020 05:03 PM (IST) Updated:Thu, 02 Jul 2020 05:03 PM (IST)
पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ते दामों से लोगों में रोष
पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ते दामों से लोगों में रोष

सुरिदर खोसला, किला लाल सिंह

पिछले करीब 20 दिनों से रोजाना ही पेट्रोल व डीजल के लगातार बढ़ते ही जा रहे दामों की वजह से आम लोगों के दिलों में केंद्र सरकार के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है। पहले ही लगातार बढ़ती जा रही महंगाई व कोरोना के कारण लगातार गिर रही कमाई की वजह से लोग परेशानी में अपने दिन गुजार रहे हैं। उस पर पिछले 20 दिनों से लगातार तेल कंपनियों की तरफ से तेल के दामों में की जा रही बढ़ोत्तरी की वजह से लोगों की परेशानी को ओर भी बढ़ाया जा रहा है। लगातार तेल के बढ़ रहे दाम आम लोगों के बजट को बिगाड़ने में अहम रोल अदा कर रहा है। इस संबंधी क्षेत्र की कुछ गणमान्य लोगों ने अपने विचार पेश किए। 21

तेल के लगातार बढ़ते दाम निराशाजनक : विजय कुमार

सोनी पेट्रोल पंप कोटली सूरत मल्ली के मालिक विजय कुमार सोनी मोहलोवाली ने कहा कि उनका अपना खुद का पेट्रोल पंप है। मगर रोजाना पेट्रोल व डीजल के बेतहाशा बढ़ रहे दाम निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे तेल के दाम महंगाई को जन्म देते हैं। इसमें गरीब वर्ग बुरी तरह से पिस रहा है। तेल के दामों को बढ़ाने की भी एक सीमा सरकार को तय करनी चाहिए। 23

केंद्र सरकार अपना रही लोक विरोधी नीतियां : बलराज सिंह

गांव भागोवाल के सरपंच मास्टर बलराज सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की ढीली व लोक विरोधी नीतियों की वजह से महंगाई ने आम लोगों का कचूमर ही निकाल दिया है। उन्होंने कहा कि अगर रोजाना ही इसी तरह तेल के दाम बढ़ते रहे तो वो दिन दूर नहीं जब पेट्रोल व डीजल सैकड़ा आसानी से पार कर लेगा। आम लोगों को इससे बढ़ती महंगाई की वजह से अपने परिवार का पेट पालना भी दुश्वार हो जाएगा। 22

तेल के बढ़ते दामों से महंगाई और भी बढ़ेगी : नरोत्तम दास

कांग्रेस नेता एडवोकेट नरोत्तम सिंह ने कहा कि पहले ही लोग कोरोना महामारी की वजह से बेहद परेशान है। कमाई के साधन लगातार बेहद कम होते जा रहे हैं। आम दुकानदार सारा-सारा दिन खाली बैठ सिर्फ ग्राहकों का इंतजार करता रहता है। मजदूर वर्ग को परिवार का पेट पालना भी मुश्किल होता जा रहा है। ऊपर से तेल के लगातार बढ़ रहे दामों के कारण महंगाई भी अपने चर्म पर पहुंच चुकी है। 25

केंद्र की नीतियों से महंगाई चरम पर : डॉ. वनदीप

सीनियर कांग्रेसी नेता डॉ. वनदीप सिंह नैटी ने कहा कि केंद्र सरकार की लोक विरोधी नीतियों के चलते लगातार महंगाई अपने पैर पसार रही है। इसकी वजह से गरीब लोगों का जीना दुश्वार हो चुका है। लगातार पेट्रोल व डीजल के बढ़ते जा रहे दामों का असर प्रत्येक वस्तु पर पड़ना तय है। तेल के बढ़ते दामों से महंगाई और भी बढ़ेगी। 24

फिर से साइकिल का ही लेना होगा सहारा : मुंगेश

पंचायत सदस्य मुंगेश कुमार ने कहा कि जिस तरह से हर रोज तेल के दाम बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अब हमें मोटरसाइकिल, स्कूटर आदि को छोड़ फिर से साइकिल का ही सहारा लेना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से लगातार पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों की वजह से ट्रक, बस आदि चलाने की लागत भी काफी बढ़ रही है।

chat bot
आपका साथी