करवाचौथ कल, बाजार में उत्सव का माहौल

पति की दीर्घायु की कामना से रखा जाने वाला करवाचौथ व्रत 24 अक्टूबर को है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:01 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:01 PM (IST)
करवाचौथ कल, बाजार में उत्सव का माहौल
करवाचौथ कल, बाजार में उत्सव का माहौल

शंकर श्रेष्ठ, दीनानगर

पति की दीर्घायु की कामना से रखा जाने वाला करवाचौथ व्रत 24 अक्टूबर को है। इस व्रत को लेकर महिलाओं में उत्साह चरम पर है। सनातन धर्म की मान्यता के मुताबिक सुहागिनों के करवाचौथ वाले दिन व्रत रखने से उनके पति की दीर्घायु होती है। इसके मद्देनजर बाजारों में भी रौनक खूब दिखाई दे रही है। सुहागिनें इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए जमकर खरीदारी में जुटी हैं। विशेषकर आजकल कपडे़ की दुकानों, सौंदर्य प्रसाधनों, मिष्ठान भंडारों, गिफ्ट सेंटरों और आभूषण की दुकानों में भारी भीड़ दिखाई दे रही है।

आभूषणों की बिक्री बढ़ी : अपने पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनें अपने पतिदेव से आग्रह करके उन्हें ज्वेलरी की दुकानों पर ले जा रही हैं। वहां भी किटी सेट, अंगूठी, टाप्स तथा अन्य गिफ्ट आइटमों की बिक्री बढ़ी है। पति भी पत्नी की खुशी के लिए उनकी हर फरमाइश पूरी करने में जुटे हैं। स्वर्णकार के अनुसार करवाचौथ और धनतेरस के अवसर पर सोने के गहनों की बिक्री विशेष कर बढ़ती हैं।

करवाचौथ में कांच की चूड़ी का शगुन : दुकानदार रमेश ने बताया कि करवाचौथ में वैसे तो बाजार में लाख, एडी, गोल्डन, मेटल व कांच की चूड़ी ही बिकती है। मगर करवाचौथ में ज्यादातर कांच की चूड़ियों की बिक्री होती है। करवाचौथ में कांच की चूड़ी को ज्यादा शुभ माना जाता है, इसलिए इसे शगुन के तौर पर पहना जाता है। इस दिन के लिए कांच की हरे व मजेंटा रंग की चूड़ी की बिक्री ज्यादा होती है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये दर्जन की चूड़ी बिक्री के लिए उपलब्ध है।

फैंसी सूट व प्लाजो पर महिलाएं फिदा

कपडे़ की दुकानों पर विशेष रौनक है और वहां फैंसी सूट और खासकर प्लाजो सूट पर तो महिलाएं विशेष तौर पर फिदा हैं। शहर की प्रसिद्ध दुकानों से सुहागिनें आकर्षक प्लाजो सूट व अन्य फैंसी सूट खरीद रही हैं।

फैनियां बढ़ा रही शोभा : पूरे साल लगभग गायब रहने वाला पकवान फैनियां आजकल हर गली और मोड़ पर दुकानों की शोभा बढ़ा रही हैं। गौर हो कि यह सुहागिनों के लिए सरगी में विशेष महत्व रखती हैं। हलवाई तरसेम राज के मुताबिक आम दिनों में इनका रेट 100 रुपये प्रति किलो है और व्रत वाले दिन ये प्रति किलो 200-300 रुपये तक बिकती है।

सौंदर्य प्रसाधन दुकानदारों की बल्ले-बल्ले : वहीं सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर तो विशेष रूप से आजकल भीड़ लगी है। दुकानदार मनमाने रेट लगा रहे हैं पर महिलाओं को तो सजना है, इसलिए दाम की कोई परवाह नहीं है। इसी क्रम में फलों की दुकानों पर भी बिक्री बढ़ी है। यह त्योहार विशेषकर नवविवाहित महिलाओं के लिए खास महत्व रखता है, इसलिए आज कल बाजारों में उत्सव का माहौल है।

chat bot
आपका साथी