अपरबारी नहर में आई दरार, धान की पकी फसल डूबी

बुधवार की मध्य रात्रि को अपरबारी दोआब नहर की कसूर ब्रांच में गांव काला बाला के पास बड़ा कटाव हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 06:06 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 06:06 PM (IST)
अपरबारी नहर में आई दरार, धान की पकी फसल डूबी
अपरबारी नहर में आई दरार, धान की पकी फसल डूबी

संवाद सहयोगी, काहनूवान : बुधवार की मध्य रात्रि को अपरबारी दोआब नहर की कसूर ब्रांच में गांव काला बाला के पास बड़ा कटाव हो गया। इससे गांव के पास पड़ते रकबे व जखीरे में नहर का पानी भर गया। वीरवार सुबह जब आसपास रहते किसानों व आम लोगों का ध्यान अपनी फसलों की ओर गया तो फसलें पानी में डूबी हुई थीं। उन्होंने जब देखा तो गांव के पास गुजरती नहर के स्कूल के सामने बलगन व काला बाला के रकबे को लगते रकबे से नहर में कटाव पड़ा था। इसकी सूचना तुरंत नहरी विभाग व पुलिस प्रशासन को दी गई। इसके बाद विभाग के सब डिवीजन अधिकारी प्रदीप बहल ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर नहर में आई दरार को भर दिया।

उधर, किसान मजदूर यूनियन के नेता हरविदर सिंह, लखविदर सिंह व उनके साथियों ने कहा कि नहरी विभाग द्वारा लंबे समय से नहर के किनारों की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिए जाने से उक्त समस्या पैदा हुई है। नहर के किनारों की हालत बहुत ही जर्जर हो चुकी है। नहर की पटरी पर पैदल गुजरना भी कठिन हो चुका है। लोगों की पकी फसलें पानी में डूब चुकी हैं, मगर खुशकिस्मती यह रही है कि यदि दो महीने पहले नहर के किनारे टूट जाते तो हजारों एकड़ रकबे की फसलों का नुकसान हो सकता था।

उधर, सिचाई विभाग के अधिकारी प्रदीप बहल का कहना है कि कई जगहों पर चूहों ने सुराग किए हुए हैं। इस कारण यह समस्या आई है। सूचना मिलते ही विभाग ने नहर में आई दरार को बंद कर दिया है।

chat bot
आपका साथी