पुरानी रंजिश को लेकर अकाली-कांग्रेसी भिड़े, पुलिस पर भी पथराव, एएसआइ घायल
पुलिस थाना भैणी मिया खां के गांव दारापुर में अकाली-कांग्रेसी वर्करों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर रविवार दोपहर झगड़ा हो गया।
संवाद सहयोगी, काहनूवान : पुलिस थाना भैणी मिया खां के गांव दारापुर में अकाली-कांग्रेसी वर्करों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर रविवार दोपहर झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईट, पत्थरों व तेजधार हथियारों से हमला किया। इस घटना में दोनों गुटों के तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना भैणी मिया खां की पुलिस पहुंच गई। पुलिस की उपस्थिति में भी दोनों गुटों ने एक दूसरे पर ईट-पत्थर बरसाना बंद नहीं किया। इस दौरान एक एएसआइ के सिर पर ईट लगने से वह घायल हो गया।
काबिलेजिक्र है कि गांव में सरकार द्वारा मिलने वाले प्लाटों को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश थी। शनिवार शाम को पहले झड़प हुई तथा फिर रात के समय भी काफी गाली गलौज व ईट पत्थरों से हमला हुआ। रविवार को अकाली वर्करों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक की शह पर सबकुछ हो रहा है। इस दौरान उन्होंने विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। रविवार को जब पुलिस मौके पर पहुंची तो एक गुट के लोगों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाकर हिरासत में लिए गुट के लोगों को छुड़ाने की कोशिश की गई तो दूसरे गुट व पुलिस में काफी बहसबाजी हुई। इस दौरान नौबत हाथापाई तक बन आई। इस दौरान किसी शरारती तत्व ने पत्थरबाजी कर पुलिस के एएसआइ योध सिंह के सिर पर ईट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को भैणी मिया खां के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दूसरी तरफ दोनों गुटों के झगड़े में घायल हुए बलबीर मसीह ने बताया कि वह अकाली दल पार्टी से संबंधित है। इस कारण कांग्रेस गुट के लोगों ने उनके साथ धक्का किया है। पुलिस भी कांग्रेस के लोगों की बात सुन रही है। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक की शह पर उक्त लोगों द्वारा उनपर हमला किया गया है। उधर, मामले संबंधी थाना भैणी मिया खां के इंस्पेक्टर सुदेश कुमार ने बताया कि मामला उनके ध्यान में है। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा पुलिस पर ही हमला कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अगर कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।