सोमवार को ढोल मार्च निकालेंगे रोडवेज के कच्चे कर्मचारी

पंजाब रोडवेज पनबस एवं पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने 7वें दिन अपनी हड़ताल को जारी रखते हुए फिरोजपुर के सभी विधायकों के घरों के आगे धरना दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 09:42 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 09:42 PM (IST)
सोमवार को ढोल मार्च निकालेंगे रोडवेज के कच्चे कर्मचारी
सोमवार को ढोल मार्च निकालेंगे रोडवेज के कच्चे कर्मचारी

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर : पंजाब रोडवेज पनबस एवं पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने 7वें दिन अपनी हड़ताल को जारी रखते हुए फिरोजपुर के सभी विधायकों के घरों के आगे धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के नाम पर विधायकों के नुमाइंदों को मांगपत्र भी सौंपा।

इस दौरान डिपो प्रधान जतिंद्र सिंह ने कहा कि कैप्टन सरकार ने सत्ता में आने से पहले जो वादे कर्मचारियों के साथ किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी 13 सितंबर को फिरोजपुर में ढोल मार्च निकालकर सरकार की गलत नीतियों के प्रति जागरुक करेंगे और इसके बाद कर्मचारी मोहाली में 14 सितंबर से मुख्यमंत्री के निवास स्थान के आगे पक्का मोर्चा लगाकर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह हाईवे जाम करके संघर्ष करेंगे। इस मौके पर कैशियर सुखपाल सिंह, सीनियर उप प्रधान रजिन्द्र सिंह, सहायक सचिव हरजीत सिंह, राज कुमार, सौरव मैनी ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

विधायक घुबाया का किया घेराव संवाद सूत्र, फाजिल्का : पंजाब रोडवेज, पनबस व पीआरटीसी काट्रैक्ट वर्कर यूनियन द्वारा की जा रही हड़ताल रविवार को सातवें दिन में प्रवेश हो गई है। मुख्यमंत्री से बैठक का समय मिलने के बावजूद कर्मचारियों ने विधायक घुबाया के घर के समक्ष धरना दिया। हालांकि वहां पहले से ही पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन विधायक घुबाया प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनसे ज्ञापन लिया।

इस मौके डिपो प्रधान मनप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पिछले लंबे समय से कच्चे मुलाजिमों की मांगों का हल नहीं निकाला जा रहा, जिस कारण ट्रांसपोर्ट कर्मचारी अनिश्चितकालीन समय की हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले कैप्टन अमरिदर सिंह कहते थे कि ट्रांसपोर्ट माफिया खत्म करेंगे, परन्तु आज सरकारी बसें कैप्टन साहिब ने खत्म कर दीं हैं। कर्मचारियों ने कहा कि 13 सितंबर को फाजिल्का में ढोल मार्च किया जाएगा और शहर वासियों को पंजाब सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को सिविल सचिवालय में 12 बजे मुख्यमंत्री पंजाब के साथ बैठक होगी, जिसमें यदि कोई हल नहीं निकलता तो अगले संघर्ष में पंजाब के नेशनल हाईवे जाम सहित तीखे एक्शन किए जाएंगे। चेयरमैन प्रितपाल सिंह गिल, डिपो कैशियर उडीक चंद, सीनियर उप प्रधान सुरजीत सिंह ने कहा कि कमाई वाले विभाग ट्रांसपोर्ट में किसी को पक्का न करना, उल्टा हड़ताल पर बैठे मुलाजिमों का हल करने की जगह पर नौकरी से निकालने की धमकियां दीं जा रही हैं। उधर कर्मचारियों की हड़ताल के चलते रविवार को भी 23 बसों का पहिया जाम रहा।

chat bot
आपका साथी