बारिश में मंडियों में भीगा धान

एक तरफ इंद्र देवता नाराज तो दूसरी तरफ सरकार की बेपरवाही ने अन्नदाता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 10:28 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 10:28 PM (IST)
बारिश में मंडियों में भीगा धान
बारिश में मंडियों में भीगा धान

तरूण जैन, अशोक शर्मा, फिरोजपुर : एक तरफ इंद्र देवता नाराज तो दूसरी तरफ सरकार की बेपरवाही ने अन्नदाता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। एक दिन की बारिश ने ही मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ी धान की फसल को बर्बाद कर दिया है। मंडियों किसानों को न तो तिरपाल की सुविधा मुहैया हो रही है और न ही मंडियों में सफाई के उचित प्रबंध है। मच्छरों के बीच किसान को रात गुजारनी पड़ रही है।

रविवार को कैंट अनाज मंडी का निरीक्षण किया तो ज्यादातर किसान खुले आसमान के नीचे पड़ी फसल को सुखाने के प्रयासों में जुटे हुए थे। उन्होंने कहा कि मंडियों में भी अधिकारियो द्वारा भाई-भतीजावाद की नीति अपनाई जा रही है और लिफ्टिग की तरफ सरकार का बिल्कुल भी ध्यान नही है। गांव मोहक्कम खां के किसान सतनाम सिंह ने बताया कि चार दिन से मंडी में फसल बेचने के लिए आया है। अभी तक उसकी फसल मंडी से नही उठाई गई है। ऊपर से शनिवार की तेज बारिश ने उसकी फसल को भीगा दिया है और उसे सुखाने में ही अब कई दिन लग जाएंगे।

गांव काकूवाला के मंगल सिंह, गांव दूमनीवाला के जसवंत सिंह और गट्टी राजोके के किसान हरमेश सिंह ने कहा कि मंत्रियों व बड़े अधिकारियों को खुद आकर यहां के हालातों का जायजा लेते हुए किसानों की समस्याओं की तरफ ध्यान देना चाहिए ताकि सही रिपोर्ट सरकार के दरबार तक पहुंचे।

सरकारी आंकड़ो की बात करे तो फिरोजपुर में 585153 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जबकि सभी खरीद केंद्रो में 361906 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिग हुई है। पनग्रेन द्वारा 234481 मीट्रिक टन धान खरीदी जा चुकी है, जबकि 137204 मिट्रिक टन धान की लिफ्ट की है, मार्कफैड द्वारा 162543 मीट्रिक टन धान खरीदी और 98551 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग हुई है। इसी तरह पनसप द्वारा 109590 मीट्रिक टन धान खरीदी और 70308 मीट्रिक टन धान लिफ्ट हुई है। पीएसडब्ल्यूसी द्वारा 77915 मीट्रिक टन धान खरीदी गई और 55668 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिग हुई है। तिरपाल देना आढ़तिए का काम: इंस्पेक्टर

इंस्पेक्टर हंसराज ने बताया कि तिरपाल देना आढ़तिए का कार्य होता है। लिफ्टिंग को तेज करवाने के लिए विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं और शुरूआती दौर में पनसप व मार्कफैड की लिफ्टिग कुछ धीमी है। किसानों को दिक्कत नही आने देंगे: खाद्य आपूर्ति अधिकारी

जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी डा. वंदना कंबोज ने कहा कि किसानो को किसी भी किस्म की दिक्कत नही आने दी जाएगी। मंडियों में किसानो, आढ़तियो व लेबर क लिए उचित प्रबंध किए गए है। अगर कोई कमी है तो पूरा करवा दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी