महिला की मौत, शरीर पर मिले निशान

जिले की ढाणी तुर्कांवाली में एक महिला की बुधवार को संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मृतक के ससुराल परिवार का कहना है कि उनकी बहू उनसे अलग मकान में रहती थी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 17 Nov 2021 09:57 PM (IST) Updated:Wed, 17 Nov 2021 09:57 PM (IST)
महिला की मौत, शरीर पर मिले निशान
महिला की मौत, शरीर पर मिले निशान

संवाद सूत्र, फाजिल्का : जिले की ढाणी तुर्कांवाली में एक महिला की बुधवार को संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मृतक के ससुराल परिवार का कहना है कि उनकी बहू उनसे अलग मकान में रहती थी। बुधवार सुबह बच्चों ने उन्हें आकर उनकी मां के ना उठने की सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो उनकी बहू की मौत हो चुकी थी। उधर, डीएसपी जोरा सिंह व सीआईए स्टाफ के इंचार्ज नवदीप सिंह भट्टी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

अस्पताल में मौजूद गांव नवां सलेमशाह निवासी सुखविद्र सिंह उर्फ सुखचैन ने बताया कि उसकी बहन ऊषा रानी की शादी सात साल पहले ढाणी तुर्कांवाली में हुई थी। शादी के बाद उनके घर दो बच्चे हुए। उसकी बहन व उसका ससुराल परिवार गांव में ही अलग-अलग मकान में रह रहे थे। बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ऊषा रानी की अचानक मौत हो गई है। वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने ऊषा के शरीर पर कई तरह के निशान देखे, जिस पर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल तो उन्हें किसी पर शक नहीं, लेकिन पुलिस से मांग है कि वह मामले की निष्पक्ष जांच करे। मायके परिवार ने बताया कि मृतक महिला का पति फौज में कार्य करता था, जोकि एक सप्ताह पहले ही छुट्टी खत्म होने पर गया था। डीएसपी जोरा सिंह ने कहा कि उक्त मामले को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल महिला के शव को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी