लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही मुख्य लक्ष्य : एसडीएम गुप्ता

सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन का मुख्य फर्ज है और प्रशासन इस दायित्व को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:13 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:13 PM (IST)
लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही मुख्य लक्ष्य : एसडीएम गुप्ता
लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही मुख्य लक्ष्य : एसडीएम गुप्ता

मोहित गिल्होत्रा, फाजिल्का : सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन का मुख्य फर्ज है और प्रशासन इस दायित्व को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। इसके अलावा कुछ छोटी छोटी मुख्य समस्याएं हैं, जिनके हल के लिए भी प्रशासन लगातार तत्पर है। यह बात फाजिल्का के एसडीएम अमित गुप्ता ने दैनिक जागरण को दिए साक्षात्कार के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जाती हर सुविधा को लेकर हर माह समीक्षा की जाती है, ताकि लाभपात्रियों को लाभ मिला या नहीं, इसके बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके। इसके अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों को समय पर इन सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए पाबंद किया किया जाता है। साल 2016 में अपनी सेवाएं देना शुरू करने वाले एसडीएम अमित गोयल पहली बार जीरा में बतौर एसडीएम नियुक्त हुए, जिसके बाद उनकी पोस्टिग फिरोजपुर में हुई। वहां सरहदी क्षेत्र में सेवाएं देने के बाद उनकी तैनाती सरहदी क्षेत्र फाजिल्का में हुई है। दैनिक जागरण ने ब्लाक फाजिल्का में आ रही समस्याओं को लेकर एसडीएम अमित गुप्ता से कुछ सवाल किए। प्रस्तुत है मुख्य अंश: खराब फसलों के मुआवजे को लेकर क्या प्रयास?

जी हां, पिछले साल बारिश के कारण खराब हुई फसलों का मामला जिला प्रशासन के ध्यान में है। डीसी अरविदपाल संधू की अगुवाई में इसकी रिपोर्ट तैयार की गई है, जो ऊपर भेजी जाएगी। इसके अनुसार ही मुआवजे को लेकर आगे का प्रयास रहेगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद किसानों को उनका मुआवजा दिया जाएगा। तीसरी लहर से निपटने के क्या प्रयास?

प्रशासन का सबसे अधिक जोर संक्रमित आने वाले व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिग करवाने और कोरोना वैक्सीन अभियान को लेकर है। अगर एक बार जिला वासियों को पूरी तरह से वैक्सीन लग गई तो जिले से कोरोना संकट के बादल अपने आप छंट जाएंगे। इसके अलावा समाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। पराली न जले, इसके लिए क्या होगा प्लान?

पंजाब में पराली जलने का मुद्दा अहम है, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने किसानों को जागरूक करने के लिए बड़ी मुहिम चलाई है। कृषि अधिकारियों द्वारा लगातार गांवों में कैंप लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पराली के निपटारे के लिए किसानों को सब्सिडी पर मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही है। किसान पहले स ज्यादा जागरूक हुए हैं और पराली को मशीनों के जरिए एकत्रित करके उनसे लाभ ले रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार जिला प्रशासन किसानों को जागरूक करके पराली न जलाने संबंधी उठाए कदमों में कामयाब होगा। ट्रैफिक व्यवस्थता को लेकर क्या निर्देश?

फाजिल्का के कई मुख्य बाजारों में ट्रैफिक समस्या की शिकायतें मिली हैं, जिसके तहत ट्रैफिक पुलिस को जरूरी हिदायतें जारी कर दी गई हैं। उन बाजारों में ट्रैफिक पुलिस को तैनात कर दिया गया है, ताकि जाम जैसी स्थिति न बन सके। इसके अलावा सड़क पर गाड़ियां पार्क करने वाले लोग ट्रैफिक जाम का सबसे बड़ा कारण बनते हैं। अगर ट्रैफिक पुलिस अपना फर्ज निभा रही है तो लोगों को भी अपनी गाड़ियों को सड़क पर पार्क न करके अपना फर्ज निभाना चाहिए। आने वाले दिनों में ऐसे लोगों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी