टैक्सी चालकों ने एक घंटा लगाया जाम

टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने शुक्रवार को बस स्टेंड रोड पर दोनों ओर गाडि़यां लगाकर नगर निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:22 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:22 PM (IST)
टैक्सी चालकों ने एक घंटा लगाया जाम
टैक्सी चालकों ने एक घंटा लगाया जाम

संवाद सहयोगी, अबोहर : टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने शुक्रवार को बस स्टेंड रोड पर दोनों ओर गाडि़यां लगाकर नगर निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। पंजाब टैक्सी आपरेटर यूनियन के प्रांतीय प्रधान केवल बत्तरा व अन्य सदस्यों ने कहा कि निगम की ओर से शहर में बने फुटपाथों को हटाए जाने से शहर की सडकें खुली होने की बजाए संकरी हो रही है, जिस कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उनकी यूनियन के सदस्य पिछले कई वर्षों से टैक्सी व क्रूजर चलाकर गुजारा करते हैं। गत दिनों निगम अधिकारियों ने उनके स्टैंड को हटवाते हुए किसी अन्य जगह पर शेड या स्टेंड के लिए जगह उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन उनका स्टैंड हटाने के बाद उन्हें जगह नहीं दी गई। निगम प्रशासन द्वारा उन्हें बस स्टैंड के निकट से खदेड़ कर स्टेडियम के निकट बने कचरा घर के पास बैठने के लिए जगह दी जा रही है, जबकि वहां पर बदबू के कारण बैठना बहुत मुश्किल है। इसके अलावा देर सायं उक्त जगह पर लगने वाली मीट की रेहडिय़ों पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। बस स्टैंड पर लगने वाले आटो यूनियन, ई रिक्शा तथा अन्य चार पहिया वाहनों की यूनियनों से अपील की कि वे मिलकर उनका साथ दें ताकि उनसे उनका अधिकार न छीना जा सके। करीब एक घंटे तक चक्का जाम होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस और नगर निगम अधिकारी दिनेश शर्मा, इंसपेक्टर करतार सिंह, जसविदर सिंह, गुरजिदर सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचें और फोन पर निगम के मेयर विमल ठठई से बात कर यूनियन सदस्यों की मांग से अवगत करवाया, जिस पर मेयर यूनियन सदस्यों को एक दिन में जगह उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। इसके बाद धरना हटा लिया गया।

chat bot
आपका साथी