36 दिन बाद फाजिल्का जिले में बारिश, पांच डिग्री गिरा तापमान

सावन माह के सूखे के बाद आखिरकार 36 दिन बाद फाजिल्का में आसमां से बादलों के रूप में बरसात की बूंदें गिरीं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 10:18 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 10:18 PM (IST)
36 दिन बाद फाजिल्का जिले में बारिश, पांच डिग्री गिरा तापमान
36 दिन बाद फाजिल्का जिले में बारिश, पांच डिग्री गिरा तापमान

संवाद सूत्र, फाजिल्का : सावन माह के सूखे के बाद आखिरकार 36 दिन बाद फाजिल्का में आसमां से बादलों के रूप में बरसात की बूंदें गिरीं। हालांकि कुछ समय की बूंदाबांदी ही हुई। लेकिन बूंदाबांदी के साथ चली हवाओं ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को कुछ निजात दिलाई। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट आई और देर शाम तक बादल छाए रहे। इसके चलते शुक्रवार को बाजारों में लोगों की काफी रौनक दिखी।

फाजिल्का में अगर बारिश की बात करें तो अंतिम बार बादल 28 जुलाई को बरसे थे। जबकि अगस्त का पूरा महीना ही सूखा रहा। सावन माह को देखते हुए कई संस्थाओं ने पौधारोपण अभियान चलाया, लेकिन पूरे सावन माह ही बारिश की एक भी बूंद फाजिल्का में नहीं बरसी। जिसका असर ना केवल लोगों को भीषण गर्मी के रूप में झेलना पड़ा, वहीं बाजारों में भी खरीदारी के लिए काफी कम लोग आए, जिसका सीधा असर दुकानदारी पर पड़ा। हालांकि दो दिन पहले भी बादल छाए थे, लेकिन इसके बाद फिर से भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। लेकिन शुक्रवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली और हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जोकि 15 से 20 मिनट तक चली। इस कारण ना केवल लोगों को गर्मी से राहत मिली। बल्कि बाजारों में भी काफी चहल पहल दिखाई दी। गांव झंगड़ भैणी के किसान जोगिद्र सिंह ने कहा कि पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी न मिलने के कारण फसलों को बारिश के पानी ओर ठंडक की काफी जरूरत है। मौसम में आए बदलाव के चलते फसलों को ठंडक तो मिली है, लेकिन फसलों को पर्याप्त मात्रा में बारिश का पानी नहीं मिल सका। जिस कारण किसानों के चेहरे कुछ मायूस हैं। लेकिन ठंडक मिलने से भी फसलों को कुछ फायदे मिलेगा।

chat bot
आपका साथी