मनीमाजरा में खेल मैदान पर वाटर प्रोजेक्ट के विरोध में युवा, करेंगे अनशन, स्थानीय नेता भी समर्थन में उतरे

मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन के पास स्थित खेल मैदान पर 24 घंटे पानी की सप्लाई के लिए प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है जिसका स्थानीय युवा विरोध कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि वह इसके विरोध में अनशन करेंगे।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 01:45 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 01:45 PM (IST)
मनीमाजरा में खेल मैदान पर वाटर प्रोजेक्ट के विरोध में युवा, करेंगे अनशन, स्थानीय नेता भी समर्थन में उतरे
मनीमाजरा स्थित खेल मैदान में वाटर प्रोजक्ट के लिए पानी स्टोरेज टैंक बनाया जा रहा है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मनीमाजरा में 24 घंटे पानी की सप्लाई प्रोजेक्ट पर काम होने से पहले ही राजनीति गरमा गई है। इस प्रोजेक्ट के कारण मनीमाजरा का एक बड़ा खेल मैदान खत्म हो जाएगा। जबकि इस ग्राउंड में स्थानीय युवा कई खेलों का आयोजन करते आ रहे हैं। मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन के पास स्थित इस खेल मैदान पर लगाए जाने वाले इस प्रोजेक्ट का लोग विरोध कर रहे हैं।

इलाके के इस एक मात्र खेल मैदान को बचाने के लिए अब मनीमाजरा के युवाओं ने कमर कस ली है। युवाओं ने अब प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान किया है। इस बारे में युवा समाजसेवी गौरव शर्मा का कहना है कि मनीमाजरा में यह केवल इकलौता खेल मैदान है। नगर निगम मैदान वाटर स्टोरेज के लिए प्लान तैयार कर इस मैदान को युवाओं से छीनना चाह रहा है।

वहीं, समस्या समाधान संगठन ने निगम के इस फैसले के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। भाजपा नेता भी लोगों के समर्थन में उतर आए हैं। गौरव ने बताया कि इस मैदान को बचाने के लिए वो पहले तो प्रशासक से गुहार लगाएंगे। अगर फिर भी उनकी मांग को नहीं माना जाएगा, तो मनीमाजरा के युवा रोजाना सुबह से शाम तक प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ अनशन पर बैठेंगे। इस अनशन में रोजाना पांच युवा सुबह ही शिवालिक गार्डन के सामने बैठेंगे और शांतिमय ढ़ंग से प्रशासन और नगर निगम के प्रति अपना रोष व्यक्त करेंगे।

भाजपा नेता अंकित अरोड़ा का कहना है कि युवाओं और बच्चों के लिए एक ही खेल मैदान है। अब उसे भी नगर निगम खत्म कर रहा है। यहां के निवासी प्रोजेक्ट के विरोध में नहीं हैं, लेकिन अगर मैदान खत्म होगा तो रेजिडेंट्स विरोध करेंगे। हालांकि इस प्रोजेक्ट के लिए स्मार्ट सिटी ने टेंडर अलॉट कर दिया है।

शहरवासियों पर बढ़ेगा बोझ- कांग्रेस 

जबकि नगर निगम ने पूरे शहर में भी 24 घंटे पानी की सप्लाई शुरू करने का प्रोजेक्ट पास कर दिया है। इसके लिए 500 करोड़ रुपये का लोन फ्रांस से लिया जा रहा है। इसके तहत साल 2027 में 24 घंटे पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट का कांग्रेस विरोध भी कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता सतीश कैंथ का कहना है कि लोन चुकाने के लिए पानी के रेट बढ़ाए जाएंगे, जिससे शहरवासियों पर बोझ बढ़ जाएगा। मनीमाजरा के नेता रमेश्वर गिरी का कहना है कि आओ हम सब मिलकर बच्चों का खेल मैदान बचा सके अगर यह नहीं रोका गया तो ग्राउंड के बाहर धरना प्रदर्शन दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी