करवाचौथ पर विवाहिता ने फंदा लगा की आत्महत्या, ससुराल पक्ष पर उकसाने का आरोप
राजीव कालोनी में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में महिला के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
जासं, पंचकूला : राजीव कालोनी में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में महिला के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में मौलीजागरां कंप्लेक्स चंडीगढ़ निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी सुमन की शादी उसकी सहमति से विकास निवासी राजीव कॉलोनी सेक्टर-17 के साथ 25 अप्रैल 2021 को हुई थी। शादी में बेटी को काफी दहेज दिया था। बावजूद इसके दामाद विकास और उसकी बहन काजल उसे दहेज की मांग को लेकर ताने मारते थे। दहेज कम लाने के कारण उसकी बेटी सुमन के साथ मारपीट की जाती थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक शादी के करीब 10-12 दिन बाद ही बेटी वापस मायके आ गई थी, लेकिन विकास की माता संतोष उनके घर आई और कहा कि लड़की को उनके पास भेज दो। फिर भी बेटी के साथ मारपीट जारी रही। सुमन ने अपने परिवार वालों को बताया था कि उसके पति विकास के मनीमाजरा की एक लड़की के साथ अवैध संबंध हैं। 23 अक्टूबर को करवाचौथ का शगन लेकर सुमन की बहन ऊषा और भाई रुकमेश की पत्नी धर्मशीला सुमन के ससुराल आए थे, तब तक सुमन ठीक थी, लेकिन 24 अक्टूबर सुबह 9:15 बजे ऊषा के फोन पर सुमन ने अपनी सास के मोबाइल से फोन किया और बताया कि यह लोग कोई प्लान बना रहे हैं और उसके बाद 11:15 बजे ऊषा को विकास ने फोन कर बताया कि सुमन की तबीयत खराब है। इसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 ले जा रहे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि सुमन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद सुमन के मायके वाले नागरिक अस्पताल सेक्टर- 6 पहुंचे, जहां पर पता चला कि सुमन ने बाथरूम में दरवाजे की कुंडी अंदर से लगाकर शॉल से फांसी लगा ली थी। सुमन के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज के लोभ में इन लोगों द्वारा उनकी बेटी को तंग किया गया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने धारा 304बी और 34 आइपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया।