बुटीक के बाहर कुत्ता घुमाने से रोका तो घर में घुसकर बाप-बेटी पर डंडों से हमला
बलौंगी थाना पुलिस ने 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को अश्लील इशारे करने उसके घर में घुस कर पिता से मारपीट के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पहचान बेबी जोगी बेबी की महिला सहेली सभी निवासी जुझार नगर के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, मोहाली : बलौंगी थाना पुलिस ने 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को अश्लील इशारे करने, उसके घर में घुस कर पिता से मारपीट के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पहचान बेबी, जोगी, बेबी की महिला सहेली सभी निवासी जुझार नगर के रूप में हुई है। आरोपितों के खिलाफ थाना बलौंगी में विभिन्न धाराओं व पोक्सो एक्ट की धारा (4) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि सभी आरोपित फरार हैं।
नाबालिग के पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनकी बुटीक की दुकान है। बीते दिन वह अपने पिता के साथ बुटीक पर बैठी थी। उसी दौरान बेबी नाम की महिला बुटीक के बाहर कुत्ता घुमा रही थी। उसके पिता ने महिला को बुटीक के बाहर कुत्ता घुमाने से मना किया। महिला ने उसके पिता को धमकी दी कि वह अपना कुत्ता उनकी बुटीक के बाहर ही घुमाएगी। बाद में जब वह रात को अपनी बुटीक से घर जा रहे थे तो रास्ते में बेबी के लड़के ने उन्हें गालियां निकाली। जैसे ही घर पहुंचे तो बेबी व उसकी बहू जबरन उनके घर में घुसे और उन्हीं के घर से डंडा उठाकर पिता को पीटने लगे। जब वह पिता के बचाव में आई तो हमलावरों ने उसे भी बुरी तरह पीटा। उसके साथ अश्लील हरकतें की। जब शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तभी बेबी, उसकी बहू के साथियों ने घर के बाहर जाकर उनकी क्यारी में लगी ईटे निकाल कर पथराव कर दिया। इस दौरान ईटें उसके पेट व सिर में लगी, जिस कारण वह बुरी तरह से घायल हो गई। वहीं, मौके पर जोगी ने उसे अश्लील ईशारे किए। हमले में घायल दोनों बाप-बेटी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां वह जेरे इलाज हैं। पुलिस ने जांच के बाद हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।