चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए वार्ड ड्रा: आज तय होंगे आरक्षित वार्ड, कई नेताओं के टूटेंगे सपने

दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का आज शंखनाद होगा। चुनाव में कांग्रेस भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं कौन-सा वार्ड आरक्षित वर्ग के लिए रिजर्व होगा और कौन-सा वार्ड महिलाओं के लिए यह आज तय हो जाएगा।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:20 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:20 AM (IST)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए वार्ड ड्रा: आज तय होंगे आरक्षित वार्ड, कई नेताओं के टूटेंगे सपने
यूटी गेस्ट हाउस में यह वार्ड ड्रा निकाला जाएगा।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का आज शंखनाद होगा। चुनाव में कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है। वहीं, कौन-सा वार्ड आरक्षित वर्ग के लिए रिजर्व होगा और कौन-सा वार्ड महिलाओं के लिए, यह आज तय हो जाएगा। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर शहर की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होगा। चुनाव आयोग आज वार्ड ड्रा की प्रक्रिया को पूरा करेगा। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों बुलाया है। यूटी गेस्ट हाउस में यह वार्ड ड्रा निकाला जाएगा।

वार्ड ड्रा के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन सा वार्ड महिलाओं और कौन सा आरक्षित वर्ग के लिए होगा। ऐसे में कई नेता जो खुद किसी विशेष वार्ड से चुनाव लड़ने के लिए मेहनत कर रहे हैं वह वार्ड महिला के लिए रिजर्व हो सकता है। ऐसे में उन्हें या तो उस वार्ड को छोड़ना होगा या वे पत्नी को भी उस वार्ड से उम्मीदवार बना सकते हैं। इस ड्रा के लिए भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, अकाली दल के अध्यक्ष हरदीप सिंह और आम आदमी पार्टी के संयोजक प्रेम गर्ग यूटी गेस्ट हाउस में मौजूद रहेंगे।

चुनाव आयोग ने वार्ड ड्रा के लिए हर पार्टी से से दो-दो नेताओं को भेजने के लिए कहा है। जबकि इससे ज्यादा नेता पहुंचेंगे। हर दल से सिर्फ दो नेता ही ड्रा में मौजूद रहेंगे जबकि बाकी नेता यूटी गेस्ट हाउस के बाहर से ही ड्रा पर नजर रखेंगे। कई सीनियर नेता घर से ही फोन पर संपर्क करके ड्रा पर नजर रखेंगे। ड्रा के बाद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने कार्यालय में आगे की रणनीति तय करने के लिए बैठक बुलाई है। इसके बाद दावेदार अलग अलग वार्ड में खुलकर सामने आएंगे और राजनीतिक प्रचार के साथ साथ आरोप प्रत्यारोप की राजनीतिक भी तेज होगी। चुनाव आयोग ने ड्रा के लिए मंगलवार 10.30 बजे सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को बुलाया है। राजनीतिक दलों को अपने दो दो प्रतिनिधियों को भेजने के लिए कहा गया है।

बता दें कि नौ जनरल कैटेगरी महिला और सात आरक्षित वर्ग के लिए वार्ड रिजर्व होंगे। जो सात आरक्षित वर्ग के लिए वार्ड तय होंगे उनमें भी तीन एसी वर्ग की महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। ऐसे में एससी और जनरल कैटेगरी की 12 महिलाओं को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। मुख्य तौर पर कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।

इन वार्ड के आरक्षित होने की संभावना

जो वार्ड आरक्षित वर्ग के लिए रिजर्व होने हैं वह उस वार्ड की एससी जनसंख्या के आधार पर होंगे।जिस वार्ड में सबसे ज्यादा एसी वर्ग की जनसंख्या होगी उस वार्ड को पहले रिजर्व किया जाएगा। उसके बाद एसी वर्ग के जनसंख्या के आधार पर दूसरे वार्ड को रिजर्व किया जाएगा। ऐसे में सेक्टर-25, रामदरबार, मलोया, डड्डूमाजरा, पलसौरा, सेक्टर-52, और मौलीजागरां का विकास नगर रिजर्व कैटेगरी के उम्मीदवार के लिए आरक्षित हो सकता है।

chat bot
आपका साथी