चंडीगढ़ के गुरुद्वारा में तैयार किया गया वर्टिकल गार्डन, 15 फीट की दीवार पर लगा दिए 14 सौ पौधे

15 फीट की दीवार पर 1400 पौधे लगाना यह अपने आप में एक बड़ा कारनामा है। लेकिन यह कारनामा चंडीगढ़ में ही हुआ है। चंडीगढ़ के गुरुद्वारा में वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया गया है जिसमें यह पौधे लगाए गए हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 04:21 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 04:21 PM (IST)
चंडीगढ़ के गुरुद्वारा में तैयार किया गया वर्टिकल गार्डन, 15 फीट की दीवार पर लगा दिए 14 सौ पौधे
चंडीगढ़ के सेक्टर-19 स्थित गुरुद्वारा की दीवार में बनाया गया वर्टिकल गार्डन।

चंडीगढ़, [सुमेश ठाकुर]। सिटी ब्यूटीफुल के नाम को कायम रखने के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-19 स्थित गुरुद्वारा ने अहम पहल की है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया है, जो कि गुरुद्वारे की एक दीवार पर स्थापित किया गया है। इस वर्टिकल गार्डन को दो महीने पहले ही तैयार किया गया है। वर्टिकल गार्डन की 15 फीट लंबाई और करीब आठ फीट चौड़ाई है, जिसमें 14 सौ पौधों को लगाया गया है। इस तरह की दीवार का निर्माण करने वाले सेक्टर-19 गुरुद्वारा शहर का पहला स्थान बना है जहां पर इतने बड़े स्तर पर पौधे लगाए गए हैं।

गुरुद्वारा सेक्टर-19 में वर्टिकल गार्डने के लिए काम करवाने वाली गुरजीत कौर ने बताया कि ब्यूटीफिकेशन के लिए काम करना मेरा जुनून है। मैं सेक्टर-19 के गुरुद्वारे में रूटीन में जाती हूं। जहां पर मुझे ऐसा काम करने का आइडिया आया। इसके लिए पहले मैंने घर में बेकार बोतलों को इकट्ठा किया उसकी कटिंग करने से लेकर उनमें पौधे उगाए। इसके बाद अमृतसर से कारीगरों को बुलाकर दीवार को तैयार करवाया है।

सौंदर्यकरण के साथ प्रकृति के लिए उपयोगी

वर्टिकल गार्डन तैयार करने पर गुरजीत ने बताया कि घर, ऑफिस को हर कोई सुंदर बनाना चाहता है। मेरी सोच गुरुद्वारे के लिए ऐसी थी। वर्टिकिल गार्डन बनाने से जहां पर गुरुद्वारे की सुंदरता बढ़ी है उसके साथ ही उसमें कई ऐसे पौधे लगाए गए हैं जो कि ऑक्सीजन पैदा करते हैं। ऑक्सीजन के अलावा सबसे बड़ा फायदा प्रकृति को है। गार्डन में प्लास्टिक की बेकार बोतलें लगाई गई हैं। उन बोतलों को यदि खुले में फेंका जाए तो वह प्रकृति को नुकसान पहुंचाती है। 

श्रद्धालु ने कराई है सेवा

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रेसिडेंट तेजिदर सिंह ने बताया कि वर्टिकल गार्डन को किसी श्रद्धालु ने तैयार कराया है। जिससे गुरुद्वारा का सौंदर्यकरण हो रहा है उसके साथ ही हम प्रकृति को भी सहेज रहे हैं जो कि इस समय सबसे बड़ी जरूरत है। यह श्रद्धालु की तरफ से सेवा के तौर पर किया गया काम है।

chat bot
आपका साथी