चंडीगढ़ से सटे नयागांव से तीन बच्चे लापता, देर रात तक चला पुलिस सर्च आपरेशन, सदमे में परिवार

गायब हुए बच्चों में शुभम और शिवा दोनों सगे भाई हैं। आदि उनके पड़ोस में रहता है। रविवार सुबह तीनों बच्चे अपने मोहल्ले की गली में खेल रहे थे लेकिन कुछ देर बाद बच्चे वहां से गायब हो जाते हैं। परिवार के लोग डरे हुए हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 09:12 AM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 09:12 AM (IST)
चंडीगढ़ से सटे नयागांव से तीन बच्चे लापता, देर रात तक चला पुलिस सर्च आपरेशन, सदमे में परिवार
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, मोहाली। चंडीगढ़ के साथ सटे मोहाली के नयागांव से तीन बच्चे लापता हो गए। नयगांव के  वार्ड नंबर-15 जनता कॉलोनी से रविवार सुबह करीब 9:35 बजे तीनों बच्चे अपने घर के बाहर खेलते गायब हो गए है। परिवार के लोगों को जब बच्चे घर के बाहर नहीं दिखे तो उन्होंने आस-पड़ोस में बच्चों को ढूंढना शुरू किया। कई देर बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदारों को फोन कर पूछा कि कहीं बच्चे उनके यहां तो नहीं आए हैं। दिनभर बच्चों को ढूंढने का दौर चलता रहा लेकिन बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने शाम को पुलिस को सूचना दी। पुलिस देर रात तक मामले की छानबीन मे लगी रही, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। तीनों बच्चों की पहचान शुभम उम्र 9 साल, शिवा 7 साल और आदि 9 साल के तौर पर हुई है।

जानकारी के अनुसार गायब हुए बच्चों में शुभम और शिवा दोनों सगे भाई हैं। आदि उनके पड़ोस में रहता है। रविवार सुबह तीनों बच्चे अपने मोहल्ले की गली में खेल रहे थे। सुबह 9:30 बजे अंतिम बार बच्चों को गली में खेलते हुए भी देखा गया। दोपहर तक जब बच्चे घर पर नहीं लौटे तो परिवार ने अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। परिवार वालों ने आसपास रहने वाले रिश्तेदारों के घरों पर बच्चों की पड़ताल की, लेकिन जब बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा तो घर वाले पुलिस स्टेशन पहुंचे और बच्चों के गुम होने की शिकायत दी।

मामले की सूचना पाकर पुलिस तुरंत हरकत में आई और इलाके में छानबीन शुरू कर दी। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पड़ोसी घर के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तीनों बच्चे लगभग सुबह 9:35 पर एक साथ गली से बाहर निकलते हैं। उसके बाद बच्चों का कुछ अता पता नहीं चल पाया है। बच्चों के गुम होने के बाद दोनों परिवार के लोग सदमे में हैं। परिवार वाले काफी डरे हुए हैं। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने देर रात तक बच्चों को ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन चलाया लेकिन उनका कोई सुराग पुलिस ने नहीं मिला। पुलिस ने पूरे एरिया को सील भी किया और हर आने जाने वालों से पुलिस बच्चों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस टीमों को  बच्चों को ढूंढने के लिए लगा दिया गया है। थाना प्रभारी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों के गुमशुदगी की सूचना दी गई है और बच्चों की किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर थाना नयागांव में संपर्क करने के लिए आग्रह किया है।

chat bot
आपका साथी