ये लापरवाही का नतीजा है... चंडीगढ़ में फिर फैलने लगा कोरोना, रोज आ रहे 50 से ज्यादा मामले, 351 की गई जान

शहरवासियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही का नतीजा है कि अब शहर में फिर से कोरोना अपने पैर पसारने लगा है। लोग कोरोना संक्रमण से बचाव की हिदायतों का पालन नहीं कर रहे है जिस कारण अब रोजाना 50 से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 12:37 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 12:37 PM (IST)
ये लापरवाही का नतीजा है... चंडीगढ़ में फिर फैलने लगा कोरोना, रोज आ रहे 50 से ज्यादा मामले, 351 की गई जान
वीकेंड पर सुखना में घुमने पहुंचे लोगों ने न शारीरिक दूरी का ख्याल रखा गया न ही मास्क लगाए।

चंडीगढ़ [विशाल पाठक]। शहर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। यह लापरवाही का ही नतीजा है जिसके चलते कोरोना फिर से अपने पैर पसारने लगा है। लोग मास्क और शारीरिक दूरी का बिल्कुल भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। चंडीगढ़ में पिछले महीने 121 कोरोना एक्टिव मरीज थे, जोकि अब बढ़कर 357 हो गए हैं। रोजाना अब शहर में 50 से 60 नए कोरोना पॉजिटिव नए मरीज दर्ज किए जा रहे हैं।

शहर में अब तक 21,719 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। अब तक 21,011 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग अब तक 2,53,339 लोगों के कोरोना सैंपल लेकर टेस्टिंग की जा चुकी है। इनमें से 2,30,669 लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

शहर में कोरोना संक्रमण के चलते अब तक 351 लोगों की मौत हो चुकी है। फरवरी माह में 17 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई। 31 जनवरी तक 334 लोगों की कोरोना से मौत दर्ज की गई थी। इसी तरह 31 जनवरी को 151 एक्टिव केस दर्ज किए गए थे। जोकि बढ़कर 357 हो गए हैं।

पीजीआइ में भी बढ़ने लगे संक्रमित मामले

पीजीआइ में भी एक बार फिर कोराेना संक्रमित मामले बढ़ने लगे हैं। पीजीआइ में इस समय नेहरू एक्सटेंशन हॉस्पिटल (एनएचई) में 55 कोरोना संक्रमित मरीज एडमिट हैं। इनमें 10 चंडीगढ़ से, 32 पंजाब से, पांच हरियाणा और चार बाकी राज्यों से संक्रमित मरीज इलाज के लिए एडमिट किए गए हैं।

शहर में टीकाकरण की अभी ये है स्थिति

अब तक 50,238 हेल्थ केयर वर्कर में से 12,730 टीकाकरण करा चुके हैं। इसके अलावा 36,718 में से 9,950 फ्रंटलाइन वर्कर को कोरोना टीका लगाया जा चुका है। शहर में कुल 86,956 में से 22,680 लोग अब तक टीकाकरण करा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 1,712 हेल्थ केयर वर्कर कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा चुके हैं। वहीं, 24,516 में से अब तक 11,162 हेल्थ केयर और 23,584 में से 9,950 फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। शहर में अब तक 43.53 फीसद हेल्थ केयर और 42.20 फीसद फ्रंटलाइन वर्कर टीकाकरण करा चुके हैं।

chat bot
आपका साथी