फाइनांसर महिला का कत्ल करने वाले चारों आरोपित गिरफ्तार
फाइनांस पर दिए रुपये मांग रही एक महिला फाइनांसर माया देवी का कत्ल करने वाले चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कातिलों की पहचान गुरदास सिंह निवासी रंजीत नगर खरड़ उसकी मां कृष्णा देवी कृष्णा देवी की बहन राजदुलारी व गुरदास के दोस्त दिनेश निवासी संतेमाजरा के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, मोहाली : फाइनांस पर दिए रुपये मांग रही एक महिला फाइनांसर माया देवी का कत्ल करने वाले चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कातिलों की पहचान गुरदास सिंह निवासी रंजीत नगर खरड़, उसकी मां कृष्णा देवी, कृष्णा देवी की बहन राजदुलारी व गुरदास के दोस्त दिनेश निवासी संतेमाजरा के रूप में हुई है। खरड़ सिटी पुलिस ने मामले में उक्त आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपितों को शनिवार को खरड़ कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपितों ने माया देवी का पहले गला घोंटा और बाद में उसके मुंह में सल्फास डालकर उसे गटर में फेंक दिया। पूछताछ में सामने आया है कि सेंट्रो गाड़ी गुरदास की थी, जिसमें माया देवी को किडनैप किया गया था। गुरदास अपनी गाड़ी टैक्सी के रूप में किराए पर देता था, जबकि उसका दोस्त दिनेश किसी होटल में काम करता था।
जिक्रयोग्य है कि मृतका माया देवी ने कृष्णा देवी को ढाई लाख रुपये फाइनांस पर दिए थे। उक्त लोग न तो ब्याज दे रहे थे और न ही उसके पैसे वापस कर रहे थे। माया देवी काफी समय से उससे पैसे मांग रही थी, लेकिन उक्त लोग उसके पैसे वापस नहीं कर रहे थे। शुक्रवार रात माया देवी कृष्णा देवी के घर पैसे लेने के लिए गई थी, जिसे उक्त आरोपित गाड़ी में किडनैप करके ले गए थे। उन्होंने कत्ल के बाद उसकी लाश मोरिडा के पास गटर में फेंक दी थी। कृष्णा देवी के घर जाने से पहले माया देवी ने अपने बेटे विकास को बताया था। उसके बेटे ने अपनी मां के लापता होने की रिपोर्ट भी पुलिस को दी थी।