सब्जियों की सप्लाई पर पड़ा बारिश का असर

मानसून सीजन में बारिश का सीधा असर सब्जियों की खेती व पैदावार पर हुआ है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों की सप्लाई पर बारिश की मार पड़ी है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 11:10 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 11:10 PM (IST)
सब्जियों की सप्लाई पर पड़ा बारिश का असर
सब्जियों की सप्लाई पर पड़ा बारिश का असर

वैभव शर्मा, चंडीगढ़

मानसून सीजन में बारिश का सीधा असर सब्जियों की खेती व पैदावार पर हुआ है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों की सप्लाई पर बारिश की मार पड़ी है। मटर, टमाटर, शिमला मिर्च, प्याज से लेकर गोभी की सप्लाई बाधित हो रही है। यह सभी सब्जियां हिमाचल प्रदेश से आती हैं। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से आने वाली प्याज की सप्लाई भी काफी कम हो रही है। सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी में विक्रेताओं का कहना है कि दो सप्ताह में सब्जियों की सप्लाई में 12 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। चंडीगढ़ में ज्यादातर सब्जियों की सप्लाई दूसरे राज्यों से होती है। ऐसे में बारिश की वजह से सब्जी सप्लाई न होने से उनके दामों में भी बढ़ोतरी हो रही है। बारिश की वजह से रास्ते बंद पड़े हैं, जिस वजह से सप्लाई पूरी नहीं आ रही है। पंजाब से आ रही ज्यादा सप्लाई

इस समय मंडी में केवल पंजाब से ही सब्जियों की ज्यादा सप्लाई हो रही है। हालांकि हिमाचल प्रदेश से भी सब्जियां आ रही है, लेकिन उसकी सप्लाई कम है। जहां हिमाचल से सब्जियों के 50 ट्रक आते हैं, वहीं अभी केवल 20 से 25 ट्रक ही सब्जियां और फल लेकर चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। हिमाचल में पहाड़ दरकने और बादल फटने की वजह से आवाजाही काफी प्रभावित हुई है। यही वजह है कि सप्लाई न आने से सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं। सप्लाई बढ़ी तो नहीं बढ़ेंगे दाम

मंडी में अगर आने वाले समय में सब्जियों की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं होती है तो दामों में उछाल आना स्वाभाविक है। हिमाचल प्रदेश से शिमला मिर्च, गोभी, बींस, टमाटर, मटर और पहाड़ी आलू, पंजाब और उत्तर प्रदेश से स्टोर आलू, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से प्याज की बड़ी खेप शहर में आती है। प्याज की सप्लाई भी पहले के मुकाबले काफी कम आ रही है। इस समय प्याज के दाम मार्केट कमेटी ने 40 से 50 रुपये प्रति किलो तय किए हैं। सप्लाई कम होने से इसके दाम में भी बढ़ोतरी हो सकती है। सब्जी लेकर रोजाना आ रहे 100 के करीब वाहन

सेक्टर-26 सब्जी मंडी में इस समय रोजाना सब्जी लेकर छोटे-बड़े 100 वाहन दूसरे राज्यों से आ रहे हैं, जोकि काफी कम हैं। इनमें ज्यादा वाहन पंजाब से आ रहे हैं। पंजाब से गोभी और आलू की सप्लाई आ रही है और फिलहाल इनके दाम अभी कम हैं। पहाड़ी आलू की सप्लाई बहुत कम हो रही है और सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि मंडी में पहाड़ी आलू भी खत्म होने को हैं, ऐसे में सप्लाई बाधित होने से आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

chat bot
आपका साथी