एयर शो से पहले खोले गए सुखना के फ्लड गेट

दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद सुखना लेक का जलस्तर 1163 फीट के पार पहुंच गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 11:22 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 11:22 PM (IST)
एयर शो से पहले खोले गए सुखना के फ्लड गेट
एयर शो से पहले खोले गए सुखना के फ्लड गेट

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद सुखना लेक का जलस्तर 1163 फीट के पार पहुंच गया। इससे लेक का जलस्तर इतना बढ़ गया कि एयर शो से पहले ही फ्लड गेट खोलकर पानी सुखना चौ में छोड़ना पड़ा।

मंगलवार को एयर शो की रिहर्सल होनी थी। बुधवार को फाइनल शो होना है। इसको देखते हुए ही मंगलवार सुबह दस बजे लेक का एक फ्लड गेट खोल दिया गया। हालांकि इसे भी पूरा नहीं खोला गया। कई घंटे तक खोलकर इससे धीरे-धीरे पानी सुखना चौ में छोड़ा गया। ऐसा पहली बार हुआ है जब सुखना लेक के फ्लड गेट एक ही साल में दो बार खोले गए हैं।

इससे पहले आठ अगस्त को लेक के फ्लड गेट खोले गए थे। हालांकि उस दौरान इन्हें छह इंच ही खोलकर कम पानी छोड़ा गया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि लेक का पानी ज्यादा कम न हो जाए, जिससे गर्मियों में लेक का जलस्तर काफी नीचे गिर जाए और सूखने लगे। अभी बारिश का सिलसिला खत्म नहीं हुआ है। नियमित अंतराल के बाद बारिश हो रही है। ऐसे में लेक का जलस्तर फिर बढ़ेगा। हालांकि अब तीसरी बार फ्लड गेट खोलने की नौबत नहीं आएगी। जलभराव टालने के लिए कम खोले फ्लड गेट

पिछले साल सुखना लेक से पानी छोड़े जाने का असर बलटाना एरिया में देखने को मिला था। यहां पुलिस चौकी तक डूब गई थी। कई दिनों तक जलभराव रहा। इससे सबक लेते हुए इस बार लेक से पानी एक साथ छोड़ने की बजाए फ्लड गेट कम खोलकर कई घंटे तक पानी छोड़ा गया। पानी छोड़ने से पहले चौ के साथ लगते एरिया बापूधाम, इंडस्ट्रियल एरिया स्थित चार नंबर कॉलोनी और बलटाना में अलर्ट किया गया। इस दौरान एरिया एसडीएम को पहले सूचना भेजी गई। पुल पर पुलिस की तैनाती

किशनगढ़, मनीमाजरा और इंडस्ट्रियल एरिया के पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि दोपहर बाद फ्लड गेट को बंद भी कर दिया गया। कुछ देर के लिए किशनगढ़ पुल को बंद भी रखा गया।

chat bot
आपका साथी