सुखजिंदर सिंह रंधावा ने संभाला पंजाब के नए डिप्टी सीएम का पदभार, सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी रहे मौजूद

पंजाब के नए डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पद्भार संभाल लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद रहे। रंधावा ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम करेगी ।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 06:01 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 06:01 PM (IST)
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने संभाला पंजाब के नए डिप्टी सीएम का पदभार, सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी रहे मौजूद
पंजाब के डिप्टी सीएम का पद्भार संभालने के मौके पर सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ सीएम चरणजीत सिंह चन्नी।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के नवनियुक्त उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पदभार संभाल लिया है। रंधावा ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में पंजाब सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय (दूसरी मंजिल) में अपना पद्भार संभाला। रंधावा ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के लोगों की सेवा के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी और सरकार की लोक-हितैषी नीतियों और योजनाओं को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

रंधावा ने उन पर विश्वास प्रकट करने के लिए पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया और इसके साथ ही राज्य के लोगों की सेवा करने और अपनी सभी जिम्मेदारियों को लगन और समर्पित भावना से निभाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रहेगी जो राज्य की आर्थिकता की रीढ़ की हड्डी हैं।

इस मौके पर मनप्रीत बादल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, संगत सिंह गिलजियां, दर्शन सिंह बराड़, बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, कुलबीर सिंह जीरा, प्रीतम सिंह कोटभाई, परमिंदर सिंह पिंकी, कुलदीप सिंह वैद, नवतेज सिंह चीमा, दविंदर सिंह घुबाया, मदन लाल जलालपुर, पिरमल सिंह और जगदेव सिंह कमालू (सभी विधायक) के अलावा उनके पारिवारिक सदस्यों में से उदयवीर सिंह रंधावा और बब्बी अबुल खुराना, ज़िला कांग्रेस कमेटी के प्रधान (अमृतसर ग्रामीण) भगवंत सिंह सच्चर और उनके समर्थक व शुभचिंतक शामिल हुए।

बता दें, चरणजीत सिंह चन्नी से पहले सीएम पद की दौड़ में पहले सुनील जाखड़ सबसे आगे थे। इसके बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम सामने आया। दिनभर सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम की चर्चाएं रही। रंधावा की कोठी में बधाई देने के लिए विधायक पहुंचने शुरू हो गए। सुखजिंदर सिंह रंधावा समर्थकों ने मिठाई बांटनी शुरू कर दी। राज्यपाल से मिलने का समय तय हो गया। राज्यपाल से मिलने से लगभग एक घंटे पहले अचानक पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत के एक ट्वीट ने स्थिति क्लीयर कर दी। रावत ने लिखा कि विधायक दल ने सीएम के लिए चरणजीत सिंह चन्नी का नाम फाइनल किया है।

chat bot
आपका साथी