सुखबीर बादल ने मोहाली के पूर्व मेयर को शिअद से निकाला, कुलवंत सिंह बोले- मैं लड़ाई लड़ने को तैयार

शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मोहाली के पूर्व मेयर कुलवंत सिंह को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। कुलवंत सिंह को इससे पहले पिछले चुनाव में भी पार्टी से निकाला गया था। हालांकि बाद में वह पार्टी में शामिल हो गए थे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 05:05 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 05:05 PM (IST)
सुखबीर बादल ने मोहाली के पूर्व मेयर को शिअद से निकाला, कुलवंत सिंह बोले- मैं लड़ाई लड़ने को तैयार
सुखबीर सिंह बादल व कुलवंत सिंह की फाइल फोटो।

मोहाली [रोहित कुमार]। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मोहाली के पूर्व मेयर कुलवंत सिंह को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। ऐसा मोहाली जिले के पर्यवेक्षक प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा की रिपोर्ट पर किया गया है। उन पर आरोप है कि वह नगर निगम मोहाली के चुनाव में खड़े किए गए पार्टी उम्मीदवारों का विरोध कर रहे थे। पांच साल में यह दूसरा मौका है जब कुलवंंत सिंह को पार्टी से निकाला गया है। इससे पहले 2015 में भी ऐसा हुआ था।

पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि पार्टी की तरफ से ज़िला मोहाली के आब्जर्वर प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा की तरफ से प्राप्त हुई रिपोर्ट के आधार पर पार्टी का अनुशासन भंग करने के ख़िलाफ़ कुलवंत सिंह पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का अनुशासन किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने दिया जाएगा।

कुलवंत पर दूसरी बार पार्टी ने कार्रवाई की है। कुलवंत ने शिअद की टिकट पर फतेहगढ़ साहिब से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2015 में निगम चुनाव की कमान कुलवंत सिंह को देने के बजाय बलवंत सिंह रामूवालिया को दे दी गई थी। अकाली दल में दरार आ गई और कुलवंत पार्टी से अलग हो गए। उन्होंने आजाद ग्रुप बना चुनाव लड़ा और जीते तथा मेयर की कुर्सी हासिल कर ली। हालांकि इसके बाद वह फिर अकाली दल में शामिल हो गए थे।

मैं लड़ाई लड़ने को तैयार : कुलवंत

पूर्व मेयर कुलवंत सिंह ने दैनिक जागरण को कहा कि वे लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैंं। वह सोमवार को अपने समर्थकों के साथ बैठक कर उम्मीदवारों की घोषणा कर देंगे। बता दें, कुछ पार्षद पहले ही कुलवंत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैंं।

यहां से शुरू हुई लड़ाई

सुखबीर सिंह बादल की ओर से उम्मीदवारों को टिकट बांटने के लिए कमेटी गठित की गई। कमेटी ने पूर्व मेयर कुलवंत को दरकिनार कर 28 उम्मीदवारों को टिकट दे दिया। पूर्व मेयर कुलवंत का कहना था कि उन्हें तो पता ही नहीं की उम्मीदवारों को टिकट दे दिया गया है। शिअद की ओर से टिकटों के आंवटन के लिए आनंदपुर साहिब से पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें चरणजीत बराड़, कमलजीत सिंह रूबी, डेराबस्सी से विधायक एनके शर्मा और पूर्व मेयर कुलवंत सिंह हैंं। शिअद ने उम्मीदवारों की जो पहली सूची जारी की है उसमें कुलवंत को पूछा तक नहीं गया।

पिछले चुनाव में कांग्रेस के दम पर की थी सत्ता हासिल

कुलवंत सिंह ने पिछले चुनाव में शिअद से अलग होकर एक आजाद ग्रुप बनाया था। इस आजाद ग्रुप के 11 पार्षद जीते थे। कुलवंत ने कांग्रेस के साथ समझौता कर मेयर की कुर्सी हासिल कर ली थी।

chat bot
आपका साथी