पूर्व मंत्री अनिल जोशी सहित पंजाब के कई भाजपा नेता शिरोमणि अकाली दल में शामिल

भाजपा से बर्खास्त पूर्व मंत्री अनिल जोशी सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने आज अकाली दल का दामन थाम लिया। खास बात यह है कि यह सभी नेता हिंदू चेहरा हैं। अकाली दल हिंदुओं में अपनी पैठ मजबूत करना चाहता है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 20 Aug 2021 02:59 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 05:06 PM (IST)
पूर्व मंत्री अनिल जोशी सहित पंजाब के कई भाजपा नेता शिरोमणि अकाली दल में शामिल
पूर्व मंत्री अनिल जोशी सहित अकाली दल में शामिल अन्य भाजपा नेता।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी से बर्खास्त पूर्व मंत्री अनिल जोशी आज अकाली दल में शामिल हो गए हैं। जोशी के साथ दसूहा से पूर्व भाजपा विधायक सुखजीत कौर शाही, लुधियाना से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कमल चेतली, भाजयुमो के पूर्व प्रधान मोहित गुप्ता समेत करीब आधा दर्जन से ज्यादा भाजपा नेता अकाली दल में शामिल हुए।

इनके अलावा लुधियाना में पूर्व डिप्टी मेयर रहे आरडी शर्मा ने भी भाजपा को सुखबीर सिंह बादल के समक्ष अकाली दल का दाम थामा। सुजानपुर से पांच बार प्रधान रहे राजकुमार गुप्ता, पूर्व काउंसलर और बटाला के प्रधान रहे सुरिंदर छिंदी, लुधियाना के पूर्व काउंसलर मिंटू शर्मा भी अकाली दल में शामिल होने वालों में हैँ। सुमित शास्त्री, भाजपा प्रधान जगराओं विक्रम लक्की आदि भी अनिल जोशी के साथ शिअद में शामिल हो गए हैं।

https://t.co/ynBfzz7HAS

— Sukhbir Singh Badal (@officeofssbadal) August 20, 2021

भाजपा छोड़कर अकाली दल शामिल होने वाले ये सभी नेता हिंदू चेहरा हैं। इसे भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि एक तरफ जहां अकाली दल हिंदू वर्ग में अपनी पकड़ का मजबूत करना चाहता है, दूसरी तरफ हिंदू पार्टी कही जाने वाली भाजपा से हिंदू नेता छोड़ कर जा रहे हैं। पार्टी में हो रही इस टूट को लेकर भाजपा के प्रभारी दुष्यंत गौतम ने दिल्ली में पंजाब के नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा, प्रदेश महासचिव सुभाष शर्मा, जीवन गुप्ता समेत कई नेता उपस्थित थे। हालांकि भाजपा का कहना है कि यह उनकी रुटीन बैठक है, जो कि हरेक माह होती है।

पूर्व मंत्री अनिल जोशी को अकाली दल में शामिल करते सुखबीर बादल। जागरण

पार्टी के सूत्र बताते हैं कि बैठक में पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं और उससे पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी चर्चा की गई। क्योंकि पिछले दिनों भाजपा के प्रदेश प्रधान लुधियाना में पार्टी छोड़ कर जाने की तैयारी में बैठे कमल चेतली से मिले थे। प्रदेश प्रधान के मनाने के बावजूद चेतली नहीं माने। एक तरफ जहां भाजपा दूसरी पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी में लाने में जुटी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा के हिंदू नेता उनका साथ छोड़ रहे हैं।

पार्टी के सूत्र बताते हैं कि अकाली दल भाजपा के कुछ और हिंदू नेताओं के साथ संपर्क में है। बता दें कि पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी की साफ सुथरी हिंदू नेता के रूप में छवि है। जोशी भाजपा के एकमात्र ऐसे नेता थे जिन्होंने विधानसभा में मंत्री रहते हुए अकाली दल के विरसा सिंह वल्टोहा के उस बयान का विरोध किया था, जिसमें वह कह रहे थे कि मैं आतंकवादी था, आतंकवादी हूं। जोशी ने वल्टोहा के इस बयान का सदन में ही कड़ा विरोध किया था। जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के हस्तक्षेप के बाद वल्टोहा को अपनी सीट पर बैठना पड़ा था।

chat bot
आपका साथी