Weather Forecast: पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी, जानें कब मिलेगी राहत

पंजाब हरियाणा एवं चंडीगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। हर कोई टकटकी लगाए आसमान की तरफ देख रहा है कि कब बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिन में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 10 Jun 2021 10:34 AM (IST) Updated:Thu, 10 Jun 2021 02:44 PM (IST)
Weather Forecast: पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी, जानें कब मिलेगी राहत
पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। पिछले कुछ दिनों से गर्मी पूरे शबाब पर है। बढ़े तापमान व लू के थपेड़ों के कारण हर किसी का पसीना छूट रहा है। पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में अब सबको बस बारिश का इंतजार है। हर कोई टकटकी लगाए आसमान की तरफ देख रहा कि कब राहत की बूंदें टपकें। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चंडीगढ़ में 11 जून को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जबकि पंजाब में 12 व हरियाणा में 13 से 16 जून के बीच बारिश की संभावना है। 

पंजाब में कई जिलों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार पटियाला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। गर्म हवाओं से लोग बेचैन हैं। कई जिलों में तो दिन का पारा सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात में भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही। पटियाला में न्यूनतम तापमान भी 30.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जोकि सामान्य से छह डिग्री अधिक था।

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार तापमान अभी और चढ़ेगा। पीएयू की मौसम विशेषज्ञ डा. केके गिल ने पिछले दो दिनों से तापमान बढ़ने के साथ साथ ह्यूमिडिटी भी बढ़ी है। आने वाले तीन दिनों में और गर्म हवाएं चलने की संभावना है। 12 जून से पंजाब में मौसम बदलेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेस के एक्टिव होने से पंजाब के कई जिलों बादल छाए रह सकते हैं और बारिश होगी। 20 जून से प्री मानसून आ जाएगा, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून की दस्तक देगा।

चंडीगढ़ में भी गर्मी कहर बरसाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और तापमान 42 डिग्री के ऊपर जाने की संभावना है। इस दौरान लोगों को सबसे ज्यादा परेशान उमस करेगी। बीते 2 दिनों से शहर में गर्मी के साथ-साथ उमस ज्यादा हो रही है। इस वजह से लोगों को चिपचिपाती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग में कल बारिश होने के आसार जताए हैं।

मौसम वेज्ञानिकों के अनुसार चंडीगढ़ में 11 और 12 जून को एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जो बारिश के साथ तापमान में कमी लाएगा। जून के आगे दिनों में भी इसी तरह के हालात बने रहेंगे। अप्रैल से लेकर जून के पहले सप्ताह तक छोटे-बड़े मिलाकर 12-13 पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के इलाकों में बारिश व पहाड़ी एरिया में बारिश के साथ बर्फबारी होती है।

हरियाणा में 13 से 16 जून के बीच बारिश की संभावना

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि राजस्थान की तरफ से गर्म व खुश्क हवाएं हल्की होकर अपने साथ मिट्टी का गुबार ले आती हैं। गर्म हवा आगामी दो दिनों तक चल सकती हैं। क्षेत्र में 13 जून से 16 जून तक बादल छाने, गरज चमक व तेज हवाओं के साथ-साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी