भाजपा ने छह वर्षो में बिगाड़ी सिटी ब्यूटीफुल की साख : राजेंद्र राणा

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रेम कुमार धूमल को हराकर प्रदेश की सियासत में बड़ा उलटफेर करने वाले राजेंद्र राणा इन दिनों चंडीगढ़ में डेरा जमाए हुए हैं। कांग्रेस ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में राणा को ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 06:19 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 06:19 PM (IST)
भाजपा ने छह वर्षो में बिगाड़ी सिटी ब्यूटीफुल की साख : राजेंद्र राणा
भाजपा ने छह वर्षो में बिगाड़ी सिटी ब्यूटीफुल की साख : राजेंद्र राणा

विकास शर्मा, चंडीगढ़

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रेम कुमार धूमल को हराकर प्रदेश की सियासत में बड़ा उलटफेर करने वाले राजेंद्र राणा इन दिनों चंडीगढ़ में डेरा जमाए हुए हैं। कांग्रेस ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में राणा को ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। इसलिए वह इन दिनों चंडीगढ़ में चुनावी रणनीति तैयार करने में सक्रिया हैं। राणा का कहना है कि हिमाचल की वादियों में हाल में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की जीत की जो लहर उठी है वह चंडीगढ़ से होते हुए दिल्ली तक जाएगी। चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर राजेंद्र राणा से दैनिक जागरण ने खास बातचीत की। सवाल - कांग्रेस किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। कितनी सीटों को जीतने का टारगेट है?

जवाब - नगर निगम चुनाव में कांग्रेस सभी 35 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। पिछले छह सालों से भाजपा ने चंडीगढ़ की साख को पूरी तरह से बिगाड़ने का काम किया है। यह शहर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के सपनों का शहर रहा है। बेहतर साफ सफाई के लिए इसे सिटी ब्यूटीफुल के नाम से भी जाना जाता था, लेकिन आज चंडीगढ़ स्वच्छता रैंकिग में 66 वें नंबर पर आ पहुंचा है। छह साल में पानी बिल और सेनिटेशन चार्जेज तीन गुना बढ़ा दिए गए। पार्कों की दुर्दशा से हर कोई वाकिफ है। इतना ही नहीं कांग्रेस के काल में जो 550 करोड़ रुपये की एफडी थी, भाजपा ने उसे खाली कर दिया। वर्ष 2014 में 400 रुपये का सिलेंडर था, अभी 1100 रुपये का है। चंडीगढ़ शिक्षित लोगों का शहर है, यहां के लोग भी हिमाचल के लोगों की तरह वोट की ताकत से भाजपा को जवाब देंगे। सवाल : कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव में हिमाचल के कम लोगों को टिकट दिए हैं, इस पर क्या कहेंगे?

जवाब : ऐसा नहीं है। पार्टी ने दो हिमाचली उम्मीदवारों को नगर निगम चुनाव में टिकट दिया है। इसमें वार्ड नंबर -28 से निर्मला देवी और वार्ड नंबर-18 से सरोज शर्मा हिमाचली उम्मीदवार हैं। पार्टी ने काफी मंथन के बाद जीताऊ उम्मीदवारों को टिकट दिया है। सवाल : पार्टी के अंदर की गुटबाजी को कैसे देखते हैं?

जवाब : कांग्रेस में नेता अपना भविष्य देख रहे हैं। पार्टी निगम चुनाव में जीत रही है। इसलिए हर कोई अपने लिए टिकट चाह रहा है। लेकिन पार्टी वार्ड के हिसाब से ही टिकट घोषित कर सकती है। पार्टी के कुछ नेता टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। हम नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। मतदान तक सभी एकजुट हो जाएंगे।

सवाल : चंडीगढ़ के चुनाव में अपनी जिम्मेदारी को कैसे देखते हैं ?

जवाब : कांग्रेस आलाकमान ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी है, मैंने उसे बखूबी निभा रहा हूं। फतेहपुर उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार को जीता कर मैंने पार्टी को मजूबत बनाया है। अब चंडीगढ़ नगर निगम की जिम्मेदारी मिली है तो मैं यकीन दिलाना चाहता हूं कि पार्टी के उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। सवाल : हिमाचल प्रदेश में क्या आप भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल हैं?

जवाब : अभी यह कहना जल्दबाजी होगी। मैं पार्टी का सिपाही हूं। पार्टी मुझमें क्षमता देखकर अगर यह सम्मान देती है तो मैं पार्टी व प्रदेश के लोगों को निराश नहीं करूंगा।

chat bot
आपका साथी