पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग का अरविंद केजरीवाल पर निशाना, कहा- AAP निजी बस माफिया के साथ

पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरा है। उन्होंने आप पर ट्रांसपोर्ट माफिया के साथ होने का आरोप लगाया है। दिल्ली सरकार ने पंजाब सरकार की बस सेवा बंद कर केवल निजी बसों को दिल्ली हवाई अड्डे तक सेवा की अनुमति दी है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 01:00 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 01:09 PM (IST)
पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग का अरविंद केजरीवाल पर निशाना, कहा- AAP  निजी बस माफिया के साथ
पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग

जेएनएन, जालंधर। दिल्ली एयरपोर्ट तक पंजाब की बसें चलाए जाने के मुद्दे पर पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरा है। उन्होंने आप पर ट्रांसपोर्ट माफिया के साथ होने का आरोप लगाया है। दिल्ली सरकार ने पंजाब सरकार की बस सेवा बंद कर केवल निजी बसों को दिल्ली हवाई अड्डे तक सेवा की अनुमति दी है। राजा वड़िंग ने इसी का विरोध किया है। 

उन्होंने ट्विटर पर लिखा- 'दिल्ली सरकार ने पंजाब सरकार की दिल्ली हवाई अड्डे की बस सेवा बंद कर सिर्फ निजी बस को अनुमति दे दी। AAP ट्रांसपोर्ट माफिया के साथ? कई बार इस मुद्दे पे आपसे वक्त मांगा गया,आपने नहीं दिया।लेकिन पंजाब आकर लच्छेदार भाषण देने का वक्त है। अब तो मिलने का समय दे दो।'

पंजाब परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की ओर से दिल्ली के सीएम अरविंदर केजरीवाल को लिखा गया पत्र। इसे उन्होंने अपनी ट्वीट के साथ संलग्न किया है।

राजा वड़िंग ने अपने ट्वीट के साथ एक पत्र भी संलग्न किया है। इसमें उन्होंने मुद्दे को उठाते हुए दिल्ली के सीएम अरविंदर केजरीवाल से मुलाकात का निवेदन किया है। पत्र में वड़िंग ने लिखा है कि वर्ष 2019 के बाद कई बैठकें होने के बाद भी दल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पंजाब की बसों को चलाने की अनुमति नहीं दी गई जबकि निजी बसों को वहां तक जा रही हैं।  

बता दें, पंजाब में चन्नी सरकार बनने के बाद उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के अलावा जो सबसे ज्यादा सक्रिय मंत्री हैं, उनमें अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी हैं। पंजाब में रेत माफिया का मुद्दा बड़ा रहा है। इसके बाद परिवहन माफिया को लेकर भी राज्य की राजनीति गरमाती रही है। आम आदमी पार्टी भी कांग्रेस सरकार पर इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरती रही है। अब वड़िंग ने इस मुद्दे पर आप को घेरा है। वड़िंग परिवहन विभाग की जिम्मेदारी संभालते ही सक्रिय हो गए थे। उन्होंने विभाग के अफसरों के साथ मीटिंग की और पता किया कितने ट्रांसपोर्टरों ने टैक्स भरे बिना बसें चलाना जारी रखा हुआ है। अचानक उन्होंने एक दिन कार्रवाई करते हुए इन बसों को बंद करवा दिया है। यही नहीं बस अड्डों में किए गए कब्जों को छुड़वाना शुरू कर दिया था।

chat bot
आपका साथी