पंजाब सरकार का बड़ा फैसलाः 12वीं की परीक्षाएं रद, CBSE पैटर्न पर घोषित किया जाएगा परिणाम

पंजाब सरकार ने राज्य में 12वीं कक्षा की परीक्षाएं रद कर दी हैं। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड अब सीबीएसई की ही तर्ज पर 12वीं के परिणाम की घोषणा करेगा। इस निर्णय का प्रभाव 3 लाख से ज्यादा छात्रों पर पड़ेगा।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 09:05 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 09:05 PM (IST)
पंजाब सरकार का बड़ा फैसलाः 12वीं की परीक्षाएं रद, CBSE पैटर्न पर घोषित किया जाएगा परिणाम
पंजाब के स्कूली शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला की फाइल फोटो।

चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की तर्ज पर राज्य में 12वीं कक्षा की परीक्षाएं रद कर दी है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड अब सीबीएसई की ही तर्ज पर 12वीं के परिणाम की घोषणा करेगा। इस निर्णय का प्रभाव 3 लाख से ज्यादा छात्रों पर पड़ेगा। 

पंजाब के स्कूली शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने शनिवार को इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की स्वीकृति के बाद राज्य सरकार ने कोविड महामारी के मद्देनज़र 12वीं कक्षा की परीक्षाएं रद करने का फ़ैसला किया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा सी.बी.एस.ई. द्वारा अपनाए जाने वाले फार्मूले के आधार पर ही परिणाम घोषित किया जाएगा। 

सिंगला ने कहा कि यह समय की जरूरत थी कि परीक्षा के बारे में उपयुक्त फैसला लिया जाए क्योंकि उच्च शिक्षा वाले पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों और उनके माता-पिता दोनों बहुत चिंतित थे। उन्होंने बताया कि साल 2020-21 के शैक्षिक सत्र के दौरान 3,08,000 विद्यार्थियों ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड अधीन सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राईवेट स्कूलों में 12वीं कक्षा में दाखिल लिया था। कोरोना वायरस के कारण पेश चुनौतियों के मद्देनज़र शिक्षा बोर्ड के लिए परीक्षा लेना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि अपनाए गए फार्मूले के अनुसार, शिक्षा बोर्ड क्रमवार 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षाओं के प्रदर्शन के आधार पर 30ः30ः40 के अनुपात अनुसार परिणाम तैयार करेगा।

30 फीसद वेटेजः 10वीं कक्षा के मुख्य पांच विषयों में से तीन बढ़िया प्रदर्शन वाले विषय

30 फीसद वेटेजः 11वीं कक्षा के प्री बोर्ड और प्रैक्टीकल परीक्षा में विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त अंक

40 फीसद वेटेजः 12वीं में प्री-बोर्ड, प्रैक्टिकल परीक्षा और इंटरनल असेसमेंट में प्राप्त अंक

मंत्री ने आगे कहा कि जिन विद्यार्थियों ने ग्यारहवीं के बाद स्ट्रीम बदली है, उन का परिणाम 10वीं में बढ़िया प्रदर्शन वाले तीन विषयों में प्राप्त अंक और 12वीं में प्री-बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा इंटरनल असेसमेंट के फार्मूले अनुसार तैयार किया जाएगा। निर्धारित मापदंड से संबंधित विस्तृत विवरण पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट और स्कूलों के लॉगइन आईडी पर भी सार्वजनिक किए जाएंगे।

31 जुलाई तक परिणाम आने की संभावना 

उन्होंने आगे कहा कि 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के नंबरों को पोर्टल पर अपलोड करने के लिए स्कूल प्रमुख जिम्मेदार होंगे। नतीजे 31 जुलाई को या इससे पहले घोषित किए जाने की आशा है। जो विद्यार्थी उपरोक्त फार्मूले अनुसार परिणाम से संतुष्ट नहीं होंगे, उनकी परीक्षा तब ली जाएगी, जब हालात सुखद हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें - तीन पत्नियों वाला धोखेबाज पति, एक पत्नी जार्जिया मेेें, दूसरी चंडीगढ़ व तीसरी मोगा में, पुलिस मेहरबान

chat bot
आपका साथी