नवजोत सिद्धू के ‘पावर शो’ को हिट और फ्लाप बनाने के लिए दो गुटों में बंटी पंजाब कांग्रेस, कल हरमंदिर साहिब जाएंगे

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्‍त अध्‍यक्ष नवजोत‍ सिंह सिद्धू कल अमृतसर में पावर शो करेंगे। सिद्धू कल श्री दरबार साहिब जाएंगे और माथा टेकेंगे। उनके इस पावर शो को हिट या फ्लाप बनाने के लिए पंजाब कांग्रेस दो गुटों में बंट गई है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 20 Jul 2021 09:23 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 08:17 AM (IST)
नवजोत सिद्धू के ‘पावर शो’ को हिट और फ्लाप बनाने के लिए दो गुटों में बंटी पंजाब कांग्रेस, कल हरमंदिर साहिब जाएंगे
अमृतसर में अपने घर पर पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू। (जागरण)

चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू आज अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए जाएंगे। सिद्धू का श्री हरमंदिर साहिब जाना कांग्रेस में ‘पावर शो’ बन गया है। सिद्धू के इस 'पावर शो' को हिट या फ्लाप बनाने के लिए पंजाब कांग्रेस दो खेमे में बंट गई है। सिद्धू के साथ खड़े मंत्री व विधायक इस शो में ज्यादा से ज्यादा विधायकों व मंत्रियों की हाजिरी लगवाने के लिए जोर लगा रहे हैं तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के करीबी मंत्री व विधायकों का जोर इस बात पर लगा हुआ है कि इस मौके पर कम से कम विधायक जाएं।

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान बुधवार को हरमंदिर साहिब में टेकने जाएंगे माथा

जानकारी के अनुसार सिद्धू के श्री हरमंदिर साहिब जाने का आयोजन शक्ति प्रदर्शन के रूप में बदल गया है। वहीं, नवजोत सिद्धू भी लगातार विधायकों के संपर्क कर रहे हैं। यही कारण है कि देर शाम को पंजाब कैबिनेट के सबसे वरिष्ठ मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा ने बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया कि जब तक सिद्धू के कैप्टन के साथ मनमुटाव दूर नहीं होते तब तक वह नए प्रदेश प्रधान के साथ नहीं खड़े होंगे।

एक गुट विधायकों को अमृतसर पहुंचने तो दूसरा नहीं पहुंचने के लिए बना रहा है दबाव

आम तौर पर राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहने वाले ब्रह्म मोहिंद्रा के बयान को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। वहीं, मोहिंद्रा के इस बयान से विधायकों को स्पष्ट संकेत दिए गए है कि जब तक कैप्टन के साथ सिद्दू के मुद्दे सुलझ न जाए तक तक सिद्धू के साथ न जाए। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कैंप के मंत्रियों व विधायकों की तरफ से लगातार अपने साथियों से संपर्क किया जा रहा है कि कल वह सिद्धू के शो में शामिल न जाए। जबकि दूसरी तरफ से विधायकों को अमृतसर पहुंचने का दबाव बनाया जा रहा है।

दो गुटों की खींचतान में न्यूट्रल रहने वाले विधायकों की परेशानी बढ़ गई है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वे क्या करें। चूंकि सिद्धू पहले ही मुख्यमंत्री की कोठी के पास सोमवार को अपना शक्ति प्रदर्शन कर चुके है लेकिन विधायकों की चिंता यह भी है कि प्रदेश की कमान भले ही सिद्धू के पास हो लेकिन सरकार की कमान तो कैप्टन के पास ही है।

वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ भी सिद्धू के साथ हरमंदिर साहिब जाएंगे। जाखड़ दिल्ली से सीधा अमृतसर पहुंचेंगे। तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी सिद्धू के साथ उपस्थित रहेंगे। रजिया सुल्ताना इस शो में हिस्सा नहीं लेंगी, क्योंकि बुधवार को बकरीद भी है। वहीं, सबकी नजर सिद्धू के कल के पावर शो पर टिकी हुई है। इसके बाद ही कई चीजें स्पष्ट होंगी।

chat bot
आपका साथी