चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली गए सीएम चरणजीत चन्नी और सिद्धू, विपक्ष ने किया हमला, देर रात अमृतसर पहुंचे

Punjab CM Charanjit Singh Channi पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी और नवजोत सिंह सिद्धू चार्टर्ड प्‍लेन से दिल्‍ली गए। वहां से दोनों देर रात प्‍लेन से अमृतसर वापस आए। चन्‍नी बुधवार सुबह श्री दरबार साहिब में माथ टेकेंगे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 12:40 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 08:13 AM (IST)
चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली गए सीएम चरणजीत चन्नी और सिद्धू, विपक्ष ने किया हमला, देर रात अमृतसर पहुंचे
दिल्‍ली से अमृतसर पहुंचने के बाद सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, नवजोत सिंह सिद्धू व ओपी सोनी। (जागरण)

चंडीगढ़/अमृतसर,जेएनएन। Punjab CM Charnjit Singh Channi: मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी मंगलवार को पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और उपमुख्‍यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ चार्टर्ड प्‍लेन से दिल्‍ली गए। वहां से वे देर रात अमृतसर लौटे। चन्‍नी ने बुधवार सुबह श्री दरबार साहिब में माथा टेका। उधर, चार्टर्ड प्‍लेन से दिल्‍ली जाने पर सीएम चन्‍नी और सिद्धू विपक्ष के निशाने पर आ गए।

दरअसल सोमवार को मुख्‍यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बात करते हुए अपनी सरकार को आम आदमी की सरकार बताने वाले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अगले ही दिन विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए। चन्नी के इस बयान के 24 घंटे बाद ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने ट्वीट करके एक फोटो शेयर की। इसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा, खुद नवजोत सिंह सिद्धू और उनके करीबी एक चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। सिद्धू की इस पोस्ट की न केवल इंटरनेट मीडिया पर खासी आलोचना हुई बल्कि विपक्षी दलों ने भी नए मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया।

चार्टर्ड प्‍लेन से दिल्‍ली जाने की तैयार में सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी, नवजोत सिंह सिद्धू और सुखजिंदर सिंह रंधावा। (स्राेत- नवजोत सिंह सिद्धू का ट्विटर पेज )

भाजपा नेता बोले, खजाना खाली, फिजूलखर्च कर रही सरकार

भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि सरकार का खजाना खाली और पंजाब पर लाखों करोड़ का कर्ज है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अपने साथियों के साथ जनता के टैक्स के पैसे से फिजूलखर्च कर बर्बाद कर रहे हैं। कांग्रेस एक तरफ सरकार और मंत्रियों के खर्चे कम करने की बात कहती और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री चार्टर्ड प्लेन से यात्रा कर रहे हैं। देश और प्रदेश को बर्बाद करना कांग्रेस का कल्चर है लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।

आप ने कहा, शाही आदतों से कांग्रेस का छुटकारा नहीं हो सकता

वहीं नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा ने कहा कि कांग्रेस शाही आदतों से छुटकारा नहीं पा सकती है। व्यक्ति विशेष के कहने से कोई 'आम आदमी' नहीं बन जाता, केवल उसके कर्म ही उसके व्यक्तित्व की सच्चाई को प्रकट करते हैं। खुद को गरीब आम आदमी बताने वाले चरणजीत सिंह चन्नी और सिद्धू व रंधावा के असली चेहरे सामने आ गए हैं। चन्नी, सिद्धू और रंधावा स्पष्ट करें कि हाईकमान से मिलने के लिए चार्टर्ड प्लेन पंजाब सरकार के खजाने से किराए पर लिया या पंजाब कांग्रेस कमेटी के खजाने से? या किसी कारपोरेट या माफिया ने खास मेहरबानी की है? चीमा यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार की तरह चन्नी सरकार ने भी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश रावत को सरकारी हेलीकाप्टर दे दिया ताकि वह उत्तराखंड से दिल्ली जा सकें। यह सरासर सरकारी खजाने की लूट है।

शिअद ने पूछा, सामान्य फ्लाइट या कार का उपयोग क्यों नहीं किया

इसी तरह शिरोमणि अकाली दल ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री के दिल्ली जाने के लिए चार्टर्ड प्लेन के इस्तेमाल पर सवाल उठाया है। अकाली दल ने कहा है कि सरकार कहती है कि हम आम आदमी के साथ खड़े हैं और नेता चार्टर्ड प्लेन से चंडीगढ़ से दिल्ली तक केवल 250 किलोमीटर की यात्रा करते हैं। अकाली दल ने पूछा कि क्या कोई सामान्य फ्लाइट या कार नहीं हैं जिसका उपयोग किया जा सकता है?

इंटरनेट मीडिया पर भी सिद्धू के ट्वीट की निंदा की जा रही है। ट्विटर पर सोनाली पंडित ने लिखा, 'पपेट सीएम आफ पंजाब।' आपके (सिद्धू) पास सरकारी पद नहीं है फिर भी आप जा रहे हो, क्या हाल हो गया है कांग्रेस के हाईकमान का, जो सिद्धू से डर गया। नहीं तो ईंट से ईंट बजा देगा। डा. विकास निर्मल ने लिखा, भाजपा के के एक फ्यूज बल्ब ने पंजाब कांग्रेस की सारी वायरिंग फूंक दी।

वाह.. 'क्या गरीबां दी सरकार' है!

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रहे रवीन ठुकराल ने भी ट्वीट कर चार्टर्ड प्लेन के इस्तेमाल पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, वाह.. 'क्या गरीबां दी सरकार' है! चार लोगों को ले जाने के लिए 16 सीटर विमान का प्रयोग किया जा रहा है जबकि पंजाब सरकार के पास पांच सीटर हेलीकाप्टर उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि अब मुझे लगने लगा है कि मैं पिछले साढ़े चार साल से सो रहा था क्योंकि मुझे लगता था कि पंजाब वित्तीय संकट में है। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार, इंडियन नेशनल कांग्रेस, चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, सुखजिंदर सिंह रंधावा या ओपी सोनी भुगतान नहीं करेंगे। निश्चित रूप से इसके लिए आम आदमी को ही टैक्स के रूप में बिल का भुगतान करना पड़ेगा।

देररात गुरुनगरी पहुंचेंगे चन्नी, सुबह तडके दरबार साहिब में टकेंगे माथा

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी देररात गुरुनगरी पहुंचे। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पेशल चार्टर प्लेन से पहुंचे चन्नी अमृतसर नवजाेत सिंह सिद्धू के साथ उनके घर पहुंचे । चन्नी के साथ उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, सुखजिंदर सिंह रंधावा भी एयरपोर्ट से सीधे सिद्धू की कोठी पहुंचे। सिद्धू की कोठी पर डिनर करने के बाद चन्नी व रंधावा वही स्टे कर रहे हैा और उन्‍होंने सुबह श्री दरबार साहिब माथा टेका।

अमृतसर में सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, नवजोत सिंह सिद्धू और ओपी सोनी।

चन्नी सुबह पौने चार बजे श्रीदरबार साहिब में विधायकों के साथ नतमस्तक हुए। पंजाब के विधायकों को सुबह साढ़े तीन बजे तक श्रीदरबार साहिब पहुंचने को कहा गया। चन्नी व उनकी टीम ने सुबह पौने चार बजे श्रीदरबार साहिब में माथा टेका। उसके बाद सभी ने छह बजे श्रीराम तीर्थ में माथा टेेका।

chat bot
आपका साथी