पंजाब में रात 7:30 से सुबह 5 बजे तक खनन पर पाबंदी, सीएम ने दिए सख्ती बरतने के निर्देश
पंजाब सरकार ने रात 7.30 से सुबह 5 बजे तक खनन पर रोक लगा दी है। इसका उद्देश्य राज्य में अवैध माइनिंग करने वालों पर अंकुश कसना है। सीएम ने आदेश न मानने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब में अवैध खनन के खि़लाफ़ कार्रवाई को और तेज करते हुए सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने रात 7.30 बजे से सुबह 5 बजे तक खनन करने पर मुकम्मल पाबंदी लगाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस और इन्फोर्समेंट डायरक्टोरेट (माइनिंग) को भी रात में माइनिंग कार्यों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राज्य में अवैध खनन की स्थिति के बारे में जायजा लेने के लिए उच्चस्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कहा कि माइनिंग विभाग यह सख़्ती के साथ यकीनी बनाएगा कि किसी भी अधिकृत ठेकेदार द्वारा नदियों के तल या अन्य इलाकों में रात 7.30 बजे से सुबह 5 बजे तक माइनिंग न की जाए। उल्लंघन करने वालों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे अधिकारी और पुलिस कर्मचारी हो, अवैध खनन के कार्य में शामिल पाया गया तो उसके साथ कड़ाई से निपटा जाना चाहिए।
डीजीपी और नव-गठित इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट माइनिंग को रात के समय किसी भी खनन गतिविधि के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई के आदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने आदेश दिए कि हालांकि इसके साथ ही राज्य में बड़े स्तर पर चल रही निर्माण गतिविधियों के मद्देनज़र रात के समय के दौरान रेत और बजरी की निर्विघ्न यातायात में कोई रुकावट पैदा नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने विभाग को रेत-बजरी भी वाजिब कीमतों पर मिलना यकीनी बनाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव माइनिंग को रेत-बजरी की कीमतें नीचे लाने के लिए अधिकृत ठेकेदारों के साथ तालमेल करने के लिए कहा।
मीटिंग के दौरान जल स्रोत मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि माइनिंग के लिए इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट की स्थापना करने से रेत के अवैध खनन की गतिविधियों को रोकने में ज़मीनी स्तर पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि राज्य में रेत के खनन के कार्य सुचारू ढंग से चलाए जाएंगे और रेत की निर्विघ्न यातायात भी यकीनी बनाई जाएगी।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने समस्त पुलिस कमिश्नरों और ज़िला पुलिस मुखियों को आदेश दिए कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खि़लाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की हिदायतों के मुताबिक अब रात के समय रेत की माइनिंग रोकने के लिए और फोर्स तैनात की जाएगी।