चंडीगढ़ में आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य पर करवाया कार्यक्रम, दविंद्र कुमार बोले- बाबा साहेब सभी समाज के नेता

चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम करवाया गया। यह कार्यक्रम स्वयंसेवी संस्था ईशा और पब्लिक वेलफेयर द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सहकार भारती के सचिव दविंद्र कुमार ने मुख्यतिथि के तौर पर शिरकत की।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 01:51 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 01:51 PM (IST)
चंडीगढ़ में आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य पर करवाया कार्यक्रम, दविंद्र कुमार बोले- बाबा साहेब सभी समाज के नेता
कार्यक्रम में मुख्यतिथि के तौर पर पहुंचे दविंद्र कुमार ने सम्मानित करते संस्था के सदस्य।

चंडीगढ़, जेएनएन। डॉ. भीम राव आंबेडकर एक विशेष समाज के ही नहीं बल्कि सभी समाज के वर्गों के नेता हैं। उन्होंने संविधान की रचना उस समय की परिस्थितियों को भांपते हुए की थी। संविधान में जो कुछ भी निहित है वो सभी के लिए एक समान है। ये विचार सहकार भारती के सचिव दविंद्र कुमार ने बाबा साहेब की जयंती के उपलक्ष्य पर स्वयंसेवी संस्था ईशा और पब्लिक वेलफेयर द्वारा डड्डूमाजरा में आयोजित समारोह में कहे। दविंद्र कुमार ने इस कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में भाग लिया। जबकि शहर की उप महापौर फार्मिला और भारतीय जनता पार्टी के जिला नंबर 2 के जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया ने विशेष अतिथि के रूप शामिल हुए।

कार्यक्रम में  ईशा फाउंडेशन की राखी शर्मा, अनिश सिंह पब्लिक वेलफेयर की तरफ से धरमिंदर, रणबीर, सतीश और सागर ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का पुष्पगुच्छ और पौधे भेंट किए। उधर मुख्य अतिथि ने भी नगर उप महापौर फार्मिला को डॉ. आंबेडकर जी पर लिखी पुस्तक भी उपहार स्वरूप भेंट की। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी लोगों ने बाबा साहेब की फोटो के समक्ष दीया जलाया और पुष्पसुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि और विशेष अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।

बाबा साहेब के द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता

कार्यक्रम में दविंद्र कुमार ने कहा कि बाबा साहेब के द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है तभी हमारा समाज आगे बढ़ेगा। आज हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हमारे संविधान के रचियता एक ऐसे समाज से आते हैं जिसको पूर्व में बहुत प्रताड़ना को सहना पड़ता था। उन्होंने ने तो अपने समय में जो करना था वो तो कर दिया अब आगे उसको सही प्रकार से कैसे दिशा प्रदान की जाये इस पर चिंता करने की आवश्यकता है।

भाजपा के जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया ने कहा कि वर्तमान में मोदी सरकार ने बाबा साहेब के मान सम्मान के लिए जो किया वो आज तक कभी नहीं हुआ। डॉ आंबेडकर एक महान दार्शनिक थे। गरीब परिवार में जन्म लेने वाला संविधान को लिखेगा ऐसी कभी कल्पना नहीं की थी। मोदी सरकार बाबा भीम राव आंबेडकर के सम्मान में कई वर्षों से उनकी जयंती मनाता आ रहा है। उनकी जन्मस्थली को एक तीर्थस्थान की तरह बनाया जाना ये उनके प्रति भाजपा की सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. साहेब उनके आदर्श रहे हैं। ये हम सभी के लिए एक गर्व की बात है। आज युग बदल रहा है। आज हर व्यक्ति को शिक्षित होना आवश्यक है। इसलिए हमें सभी को इस बात का ध्यान रखना होगा कि समाज के सभी लोग उनके विचारों पर आमजन के बीच भी चर्चा करें और उनके द्वारा बताए गए मार्ग को और प्रशस्त करें। उप महापौर फार्मिला देवी ने कहा कि हमारे समाज के मसीहा बाबा भीम राव आंबेडकर ने जो किया वो शायद ही कोई कर सकता है।

chat bot
आपका साथी