चंडीगढ़ कोठी प्रकरण में आरोपित अरविंद सिंगला को रिमांड खत्म होने के बाद आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

पुलिस एफआइआर के अनुसार अरविंद सिंगला पर विवादित कोठी नंबर 340 का फर्जी ढंग से अपने नाम जीपीए करवाने का आरोप है। आरोप है कि सिंगला आरोपित संजीव महाजन और बाउंसर सुरजीत के माध्यम से कोठी प्रकरण में एंट्री किया था।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 09:51 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 09:51 AM (IST)
चंडीगढ़ कोठी प्रकरण में आरोपित अरविंद सिंगला को रिमांड खत्म होने के बाद आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
चंडीगढ़ पुलिस हिरासत में शराब कारोबारी अरविंद सिंगला। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, जेएनएन। सेक्टर-37ए स्थित विवादित कोठी कब्जाने मामले में आरोपित शराब कारोबारी अरविंद सिंगला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया था। सिंगला पर कोठी कब्जाने, बेचने और मालिक को नशा देकर मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज है। अरविंद सिंगला पर चंडीगढ़ पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। 

मामले में आरोपित सिंगला को पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। बीते शुक्रवार को पुलिस ने सिंगला का 4 दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपित सिंगला जांच में सहयोग नहीं कर रहा है और हर बार अपने बयान बदल रहा है। इस आधार पर पुलिस कोर्ट से सिंगला के और रिमांड की मांग कर सकती है। सूत्रों के अनुसार पुलिस संजीव महाजन और अरविंद सिंगला से आमने सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती हैं।

अरविंद सिंगला के वकील ने कोर्ट में कहा था कि पुलिस रिमांड को मंजूरी न दी जाए। क्योंकि जो दस्तावेज पुलिस अब दिखा रही है, वो पहले पेश नहीं किए थे। इसके अलावा पुलिस सिंगला को फंसाने की कोशिश कर रही है। इस दलील पर जज ने कहा था कि सिंगला का रिमांड न देने की उनके पास कोई ठोस वजह है। वहीं जज ने कहा था कि सिंगला अगर बेगुनाह है तो फिर तीन महीने तक फरार क्यों था।

सिंगला पर फर्जी तरीके से कोठी का जीपीए कराने का आरोप

पुलिस एफआइआर के अनुसार अरविंद सिंगला पर विवादित कोठी नंबर 340 का फर्जी ढंग से अपने नाम जीपीए करवाने का आरोप है। आरोप है कि सिंगला आरोपित संजीव महाजन और बाउंसर सुरजीत के माध्यम से कोठी प्रकरण में एंट्री किया था। इसके बाद कोठी की पहली जीपीए कराने के साथ 2019 में कोठी की रजिस्ट्रेशन के समय तक सिंगला सभी तरह की डील और रजिस्ट्री में शामिल भी रह चुका है। रिमांड के दौरान पुलिस इन्हीं सवालों का सिंगला से जवाब उगलवाने की कोशिश करेगी।

यह भी पढ़ेंः Punjab Lockdown News: पंजाब में लाकडाउन पर फैसला आज संभव, मिल सकती है कई प्रतिबंधों से छूट

नॉर्थ इंडिया का बड़ा शराब कारोबारी अरविंद सिंगला

चंडीगढ़ के सेक्टर-33 स्थित निजी कोठी में रहने वाले अरविंद सिंगला शहर के नामी कारोबारी है। अरविंद सिंगला नॉर्थ इंडिया के बड़े शराब कारोबारियों में एक है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सिंगला के 100 से ज्यादा शराब ठेके चल रहे हैं। मामले के बाद सिंगला की गिरफ्तारी न होने से चंडीगढ़ पुलिस विभाग पर सवालिया निशान लग गया था।

chat bot
आपका साथी