चंडीगढ़ में मास्क के चालान पर व्यक्ति का हंगामा, बोला- अच्छा मजाक है, मौसम की तरह आता-जाता रहता है कोरोना?
चंडीगढ़ में सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में एक व्यक्ति के मास्क नहीं पहनने के चालान पर जमकर बवाल कर दिया। संबंधित थाना पुलिस ने हंगामा करने वाले शख्स का चालान कर दिया। ग्रेन मार्केट में एक व्यक्ति पत्नी के साथ सामान लेने आया था।
चंडीगढ़, जेएनएन। देशभर में मास्क, शारीरिक दूरी और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करवाने को लेकर पुलिस जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी तरह चंडीगढ़ में मास्क और शारीरिक दूरी के चालान को लेकर विवाद होने की खबर आम बात हो चुकी है। मास्क के चालान को लेकर चंडीगढ़ में पंजाब कैडर के आइएएस अधिकारी सहित आम पब्लिक भी बवाल कर चुकी है। इसी तरह सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में एक व्यक्ति के मास्क नहीं पहनने के चालान पर जमकर बवाल कर दिया। उसने बोला कि अच्छा मजाक है, कोरोना भी मौसम की तरह आता-जाता रहता है। पहले कोरोना संक्रमण तेजी से फैला और बीच में चला गया, अब कोरोना संक्रमण दोबारा तेजी के साथ फैलने लगा है।
संबंधित थाना पुलिस ने हंगामा करने वाले शख्स का चालान कर दिया। दरअसल, सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में एक व्यक्ति पत्नी के साथ सामान लेने आया था। मास्क नही पहनने की वजह से तैनात पुलिसकर्मियों ने उसका चालान कर दिया। जिस पर उक्त व्यक्ति बहस करने लगा और उसने केंद्र सरकार के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग को चुनौती देने के साथ शोर मचाने लगा। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पब्लिक को बिना वजह परेशान किया जा रहा है। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत करवाया।
कर्फ्यू के दौरान बेवजह घूमने वाले सात लोग गिरफ्तार, जमानत पर छोड़ा
शहर में शाम 5 बजे से लगने वाले कर्फ्यू के पहले दिन पुलिस ने तय समय के बाद दुकान खोलने वाले और बेवजह घूमने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। कर्फ्यू के दौरान 11 घंटो में पुलिस ने अलग- अलग जगहों से एक दुकानदार सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों ने अलग अलग बहाना बनाकर बचने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने इनकी एक न सुनी। संबंधित थाना पुलिस ने सभी के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, सभी को धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई के बाद थाने से जमानत पर छोड़ा गया। एरिया में पेट्रोलिंग के दौरान कार्रवाई करने वाली थाना पुलिस सेक्टर-26 ने दो, सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एक, सेक्टर-34 थाना पुलिस ने एक, सेक्टर-31 थाना पुलिस ने तीन और मलोया थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें