मोहाली में चप्पे-चप्पे होगा पुलिस का पहरा, शहर की मार्केट्स में बनेंगे बीट बाक्स, अपराधियों की अब खैर नहीं

मोहाली में अब चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। शहर में बढ़ते क्राइम के ग्राफ को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पुख्ता इंतजाम कर रहा है। शहर में झपटमारी ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामलों में कमी लाने के लिए पुलिस ने बीट बाक्स बनाने का फैसला लिया है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 04:24 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 04:24 PM (IST)
मोहाली में चप्पे-चप्पे होगा पुलिस का पहरा, शहर की मार्केट्स में बनेंगे बीट बाक्स, अपराधियों की अब खैर नहीं
बीट बाक्स शहर की प्रमुख मार्केट्स से बनाए जाएंगे, जहां पर भीड़ भाड़ ज्यादा रहती है।

जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली में अब चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। शहर में बढ़ते क्राइम के ग्राफ को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पुख्ता इंतजाम कर रहा है। शहर में झपटमारी, ट्रैफिक नियम तोड़ने के मामलों में कमी लाने के लिए पुलिस ने बीट बाक्स बनाने का फैसला लिया है। ये बीट बाक्स शहर की प्रमुख मार्केट्स से बनाए जाएंगे, जहां पर भीड़ भाड़ ज्यादा रहती है।

मोहाली में अभी तक शहर में बीट बॉक्स नहीं है। हालांकि पुलिस की ओर से पेट्रोलिंग की जाती है। लोगों की सुरक्षा के लिए निगम की तरफ से शहर में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे शहर के शैक्षणिक संस्थानों, व्यस्त मार्केट्स में लगाए जा रहे हैं। इसके लिए केंद्र की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है। अब बीट बाक्स बनाए जा रहे हैं जोकि अगले माह तक बना दिए जाएंगे। बीट बाक्स बनाने की शुरुआत फेज-3/5 लाइट प्वाइंट व एयरपोर्ट रोड से की गई है। 

फेज-3/5 लाइट प्वाइंट पर बीट बाक्स पर तैनात पुलिस अधिकारी वाहनों की रफ्तार को रोकने के साथ-साथ अपराधियों पर नजर रख सकेंगे। फेज-3/5 लाइट प्वाइंट शहर का प्रमुख चौक है, जहां ट्रैफिक का प्रेशर अन्य हिस्सों के मुकाबले ज्यादा रहता है। रोज हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में बीट बाक्स बनने से पुलिस वहां तैनात रहेगी और पुलिस की नजर हर गतिविधि पर होगी।

एयरपोर्ट रोड पर बीट बाक्स बनाने का कारण ये है कि ज्यादातर वाहन लूट की घटनाएं इसी रोड पर होती हैं। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने पर पीसीआर वाहन तो मौके पर पहुंच जाते हैं लेकिन थाने से पुलिस को आने में समय लग जाता है। बीट बॉक्स के लिए ऐसी जगह पर बनाए जाएंगे जहां से ज्यादा से ज्यादा एरिया को कवर किया जा सके। एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने कहा कि कुछ जगह पर बीट बाक्स बना दिए गए हैं। इसका लोगों को फायदा होगा।

chat bot
आपका साथी