चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू में कुत्ते को डंडे से पीटने वाले पर कानूनी कार्रवाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू में कुत्ते पर बेरहमी से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपित के खिलाफ पुलिस भी हरकत में आई है। शिकायत मिलने के बाद आला अधिकारियों के आदेशानुसार संबंधित थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 12:25 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 12:25 PM (IST)
चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू में कुत्ते को डंडे से पीटने वाले पर कानूनी कार्रवाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपित ने डंडे से हमला कर बेजुबान को जख्मी कर दिया था।

चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू में कुत्ते पर बेरहमी से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपित के खिलाफ पुलिस भी हरकत में आई है। शिकायत मिलने के बाद आला अधिकारियों के आदेशानुसार संबंधित थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गुरदर्शन सिंह के तौर पर हुई है। सारंगपुर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई किया है।

बता दें कि मामले में एक युवती ने शिकायत डीजीपी संजय बेनीवाल को ईमेल के माध्यम से दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। इससे पहले मामला संज्ञान में आने के बाद एसपीसीए ने शुक्रवार को आरोपित युवक गुरदर्शन सिंह का चालान काटा था।

मामले की जानकारी देते हुए एसपीसीए गवर्नमेंट इंफारमरी के इंस्पेक्टर धर्मेंद्र डोगरा ने बताया कि 14 मई को खुड्डा जस्सू गांव में एक कुत्ते ने गुरदर्शन सिंह नाम के व्यक्ति को काटा था। जिसके कुछ देर बाद ही आरोपित गुरुदर्शन घर से एक डंडा लेकर आया और उसने कुत्ते पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में कुत्ता बुरी तरह से घायल हो गया था। इस घटना की जानकारी एक एनिमल लवर ग्रुप ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को ईमेल भेज कर दी। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के आदेश के बाद एसपीसीए ने आरोपित गुरदर्शन सिंह के के खिलाफ चालान काटा था।

इंस्पेक्टर डोगरा ने बताया कि आरोपित को जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पेशी के दौरान चालान की राशि पर फैसला जज करेंगे। उन्होंने कहा कि इस हमले में कुत्ते की आंख के ऊपर काफी गंभीर चोट लग गई थी। जिसका बाद में इलाज किया गया और अब कुत्ते का जख्म काफी हद तक ठीक है।

chat bot
आपका साथी