चंडीगढ़ में वैक्सीन लगवाने पर मुफ्त छोले भटूरे खिलाने वाले के मुरीद हुए पीएम मोदी, 'मन की बात' में की तारीफ

चंडीगढ़ के स्ट्रीट वेंडर जो साइकिल पर छोले भटूरे की रेहड़ी लगाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने उसकी मन की बात कार्यक्रम में तारीफ की है। स्ट्रीट वेंडर संजय राणा की प्रशासक वीपी सिंह बदनौर भी सराहना कर चुके हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 02:33 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 02:33 PM (IST)
चंडीगढ़ में वैक्सीन लगवाने पर मुफ्त छोले भटूरे खिलाने वाले के मुरीद हुए पीएम मोदी, 'मन की बात' में की तारीफ
भाजपा कार्यकर्ताओं ने संजय राणा को उनके घर पर पहुंचकर सम्मानित किया है।

विशाल पाठक, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में छोले-भटूरे वाला वेंडर इन दिनों सुर्खियों में है। स्ट्रीट वेंडर संजय राणा वैक्सीनेश कैंपेन को लेकर सुर्खियों में आए थे। इससे पहले चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर उनकी सराहना कर चुके हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने मन की बात कार्यक्रम में चंडीगढ़ के स्ट्रीट वेंडर संजय राणा के जज्बे को सलाम किया है। स्ट्रीट वेंडर संजय राणा चंडीगढ़ के सेक्टर 29 में साइकिल पर रेहड़ी लगाकर कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को मुफ्त छोले भटूरे खिला रहे हैं। संजय राणा का इससे एक ही मकसद है कि शहर के सभी लोग जल्द वैक्सीन लगवा कर संक्रमण से खुद को सुरक्षित कर सकें। ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाएं इसलिए स्ट्रीट वेंडर संजय राणा ने यह पहल शुरू की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया ने भी संजय राणा की पोस्ट अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है।

बता दें इससे पहले पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने सेक्टर-29 के स्ट्रीट वेंडर संजय राणा का पोस्ट अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया था। ताकि लोग कम से कम एक स्ट्रीट वेंडर के जज्बे को देखकर ही टीकाकरण के लिए आगे आएं। संजय राणा ने कहा कि कोरोना महामारी में वे लोगों की सेवा करना चाहते थे, लेकिन वह आर्थिक रूप से इतने सक्षम नहीं थे, कि वह अपनी तरफ से कुछ कर पाते। लेकिन अब वे सरकार के टीकाकरण अभियान को बढ़ावा देने के लिए जो लोग टीकाकरण करा कर आ रहे हैं, उन्हें एक प्लेट छोले भटूरे फ्री में खिलाकर सेवा कर रहे हैं। 

शादी के 17 साल बाद मिली संतान, बेटी के कहने पर शुरू किया 

स्ट्रीट वेंडर संजय राणा ने कहा कि उनकी शादी के 17 साल बाद उन्हें एक बेटी के रूप में संतान की प्राप्ति हुई। बेटी रीधिमा के कहने पर उन्होंने लोगों की सेवा करनी शुरू की। संजय राणा ने बताया कि करीब एक महीने हो गए हैं, जो भी लोग वैक्सीन लगवाकर आते हैं, साथ में सरकारी दस्तावेज या मोबाइल मैसेज दिखाते हैं, उन्हें वे एक प्लेट फ्री में छोल-भटूरे खिलाते हैंं। ताकि टीकाकरण के जरिए जल्द लोग इस महामारी को मात दे सकें। राणा इसके लिए रोजाना 30 से 40 लोगों के लिए अतिरिक्त स्टॉक लेकर आते हैं, ताकि वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को फ्री में छोले-भटूरे खिला सकें। 

सेक्टर-29 रेहड़ी मार्केट में बीते 17 साल से लगा रहे रेहड़ी 

सेक्टर-29 बी की रेहड़ी मार्केट में स्ट्रीट वेंडर संजय राणा पिछले 17 सालों से साइकिल पर ही छोले-भटूरे बेचने की रेहड़ी लगा रहे हैं। राणा ने बताया कि वह रविवार को बंद रखते हैं, लेकिन अब जो लोग भी टीकाकरण करा कर आते हैं, वह रविवार को भी उनकी दुकान पर पूछते चले आते हैं, एेसे में अब अगले रविवार से भी राणा टीकाकरण करा कर आने वाले लोगों को फ्री में छोले भटूरे खिलाने के लिए रेहड़ी लगाएंगे। 

कोरोना काे हराना है तो टीकाकरण जरूर करांए 

प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने अपने टि्वटर अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए शहर के आम जनता को टीकाकरण के लिए जागरूक करते हुए कहा कि अगर कोरोना महामारी को हराना है, तो हर वर्ग के लोगों को टीकाकरण जरूर कराना चाहिए। टीकाकरण के जरिए कोरोना संक्रमण से जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके साथ ही प्रशासक ने लोगों को कोविड प्रोटोकॉल नियमित तौर पर अपने हाथों को सेनिटाइज करने, घर से बाहर निकलते ही मुंह पर अनिवार्य रूप से मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने और भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से परहेज करने के लिए कहा है।

chat bot
आपका साथी