एक बूंद पेट्रोल की कीमत तुम क्या जानो जनता बाबू... चंडीगढ़ में शुरू हुआ पेट्रोलियम संरक्षण जागरुकता अभियान

पेट्रोल डीजल और घरेलू गैस जैसे पेट्रोलियम ईंधन लोगों की आम जरूरत है। वहीं पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की बचत की आदत को विकसित करने के उद्देश्य से पेट्रोलियम संरक्षण जागरुकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान पूरा एक महीना चलेगा।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 04:40 PM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 04:40 PM (IST)
एक बूंद पेट्रोल की कीमत तुम क्या जानो जनता बाबू... चंडीगढ़ में शुरू हुआ पेट्रोलियम संरक्षण जागरुकता अभियान
कार्यक्रम के दौरान एक बूंद पेट्रोल की कीमत तुम क्या जानो जनता बाबू नाटक का मंचन करते स्कूली बच्चे।

चंडीगढ़, जेएनएन। सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में आयोजित सक्षम क्षमता महोत्सव 2021 का शनिवार से शुभारंभ हो गया। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में कई तरह के प्रचार प्रसार माध्यमों से लोगों को पेट्रोलियम संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पंजाब परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव के सिवा प्रसाद ने वेब मीटिंग के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की। यह अभियान पीसीआरए (पेट्रोलियम कंजर्वेशन रिसर्च एसोसिएशन), तेल सार्वजनिक उपक्रमों और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से चलाया जा रहा है। यह अभियान 16 जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा।  

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक सुजॉय चौधरी ने बताया कि वर्ष 1991 में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए एक अभियान शुरू किया गया और तब से लेकर बहुत सारे अभियान और गतिविधियों के साथ तेल संरक्षण को लेकर जागरूकता का प्रसार हुआ है। सक्षम 2021 अभियान में सम्मेलनों, स्किट्स, पेंटिंग प्रतियोगिताओं और कई गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करेगा। इसका उद्देश्य जनता को तेल और ईंधन संरक्षण को लेकर शिक्षित करना है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में इस अभियान में हिस्सा लेकर इसके लक्ष्यों को सफल बनाएं।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चीफ रीजनल मैनेजर शलभ राज गुप्ता ने बताया कि दिन-प्रतिदिन के जीवन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बचत की आदत को विकसित करने की जरूरत है। इसमें जब तक लोगों की भागीदारी नहीं बढ़ेगी तक यह अभियान सफल नहीं हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में संवाद ग्रुप ने अपने नाटक के माध्यम से लोगों को पेट्रोलियम संरक्षण के महत्व को समझाया, जिसका कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। खासकर एक बूंद पेट्रोल की कीमत तुम क्या जानो जनता बाबू ने लोगों को लोटपोट कर दिया।

इसके अलावा इस कार्यक्रम में गेल इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक ललित भट्ट, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के स्टेट हेड मोहित भाटिया, पेट्रोलियम कंजर्वेशन रिसर्च एसोसिएशन अतिरिक्त निदेशक संजीव वर्मा, एलपीजी वितरक, रिटेल आउटलेट डीलर, लुब्रिकेंट्स वितरक, शिक्षक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। इन सभी ने पेट्रोलियम उप्पादों के संरक्षण के लिए शपथ ली और भविष्य में लोगों को भी जागरूक करने की बात कही।

chat bot
आपका साथी