चंडीगढ़ में पालतू कुत्ते ने दिव्यांग व्यक्ति पर किया हमला, मुंह पर बुरी तरह नोचा, 34 टांके लगे

चंडीगढ़ के धनास में पालतू कुत्ते के हमले से एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हुआ है। कुत्ते ने व्यक्ति के मुंह पर काटा जिससे उसके चेहरे पर 34 टांके लगे हैं। घायल व्यक्ति दिव्यांग है जिस वजह से वह खुद का बचाव भी नहीं कर पाया।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 09:06 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 09:06 AM (IST)
चंडीगढ़ में पालतू कुत्ते ने दिव्यांग व्यक्ति पर किया हमला, मुंह पर बुरी तरह नोचा, 34 टांके लगे
कुत्ते के हमले के चलते व्यक्ति के चेहरे पर 34 टांके लगे हैं।

चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में पालतू कुत्ते ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे बुरे तरह से नोच डाला। पालतू कुत्ते (पेट डॉग) ने व्यक्ति के मुंह पर दांत ऐसे गड़ाए जिससे उसके मुंह का आधे से ज्यादा हिस्सा का मांस निकल आया। घायल व्यक्ति को जीएमएसएच-16 में इलाज चल रहा है और उसके मुंह में 34 टांके लगे हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

घटना धनास की है। व्यक्ति की पहचान धनास के रिसालद हुसैन (36) के तौर पर हुई है। रिसालद हुसैन दिव्यांग है, उसका एक हाथ काम नहीं करता। यही वजह रही जब कुत्ते ने रिसालद पर हमला किया तो वह खुद का बचाव नहीं कर पाया। कुत्ते के हमले के दौरान लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रिसालद को कुत्ते के चंगुल से छुड़वाया, लेकिन जब तक लोग उसे बचाने के लिए पहुंचे, तब तक कुत्ता उनका चेहरा पूरी तरह से नोच चुका था। रिसालद सब्जी बेचने का काम करता है। उसके परिवार में चार बच्चे हैं, जिनका पालन पोषण की जिम्मेदारी हुसैन के कंधों पर है। 

लोगों ने बताया कि कुत्ते के हमले के दौरान रिसालद हुसैन ने खुद को बचाने के लिए भागने की भी कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसे छोड़ा नहीं। घायल के भाई ने बताया कि उसका एक हाथ सही से काम नहीं करता। वह सब्जी बेचने का काम करता है। कुत्ते ने आंख के पास चेहरे पर बुरी तरह से काटा है, जिस वजह से हुसैन को धूंधला दिखाई दे रहा है। 

पुलिस आज दर्ज करेगी बयान

कुत्ते ने हुसैन को झपट्टा मारकर नीचे गिरा दिया था और उसके चेहरे पर ही दांत मारने शुरू कर दिए थे। जैसे ही लोगों ने देखा तो हुसैन को बचाने के लिए भागकर गए। लेकिन तब तक वह कुत्ता हुसैन के चेहरे को कई जगह से काट चुका था। लोगों ने हुसैन के घरवालों को घटना की जानकारी दी और स्वजनों उसे तुरंत जीएमएसएच-16 लेकर गए। मामले में सारंगपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आज पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करेगी, जिसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

बच्चों के लिए खाने का सामान लेने जा रहा था हुसैन

रविवार शाम को हुसैन घर से बच्चाें के लिए कुछ खाने का सामाने लेने के लिए बाजार जा रहा था। अभी वह घर से कुछ दूरी पर ही गया था कि इतने में एक पालतू डॉग आया, जिस ने हुसैन पर हमला कर दिया। हुसैन का एक हाथ काम न करने की वजह से वह कुत्ते के हमले से खुद को बचाने में कामयाब नहीं हो पाया और कुत्ते ने उसके चेहरे को बुरी तरह से नोच दिया। डॉक्टर्स की मानें तो रिसालद के चेहरे पर 34 टांके लगाए गए हैं। चेहरे पर सूजन होने के कारण मुंह भी बंद है और अभी वह बात तक नहीं कर सकता।

chat bot
आपका साथी