पेक के 100वें वर्ष को बनाया जाएगा यादगार, साल भर होंगे कार्यक्रम : प्रो. बलदेव

देश के टॉप इंजीनियरिग कालेज में शुमार पंजाब इंजीनियरिग कॉलेज (पेक) के 9 नवंबर को 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 08:44 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 08:44 AM (IST)
पेक के 100वें वर्ष को बनाया जाएगा यादगार, साल भर होंगे कार्यक्रम : प्रो. बलदेव
पेक के 100वें वर्ष को बनाया जाएगा यादगार, साल भर होंगे कार्यक्रम : प्रो. बलदेव

डा. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़

देश के टॉप इंजीनियरिग कालेज में शुमार पंजाब इंजीनियरिग कॉलेज (पेक) के 9 नवंबर को 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। पाकिस्तान के लाहौर में 1921 में स्थापित पेक से इंजीनियरिग की डिग्री पाने वाले हजारों स्टूडेंट्स आज दुनिया भर में भारत का परचम लहरा रहे हैं। पेक प्रशासन इन दिनों सौ साल सेलिब्रेशन की तैयारियों में जुटा है। साल भर पेक में कार्यक्रमों की सीरीज जारी रहेगी। अंतरिक्ष में देश का नाम रोशन करने वाली डा. कल्पना चावला और कॉमेडियन जसपाल भट्टी सहित कई नामी हस्तियां पेक की स्टूडेंट्स रही हैं।

अगले हफ्ते तक सभी तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया जाएगा। अगले साल भर में स्टूडडेंट्स और टीचर्स के लिए कई सौगात देने की तैयारी है। पेक डायरेक्टर के तौर पर हाल ही में प्रो. बलदेव सेतिया ने पदभार संभाला है। दैनिक जागरण ने प्रो. सेतिया से इस खास मौके को यादगार बनाने को लेकर चल रही तैयारियों और भावी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। पेश है बातचीत के खास अंश .. सवाल-पेक के 100 साल को लेकर क्या तैयारियां हैं?

जवाब-पेक एजुकेशन इंस्टीट्यूट के तौर पर एक हेरिटेज संस्थान बन चुका है। पेक की ख्याति न सिर्फ देश बल्कि विदेशों में भी उतनी ही है। हमारे एल्युमनी आज दुनिया की बड़ी से बड़ी कंपनी चला रहे हैं। 100 पूरे होने को लेकर संस्थान तैयारियों में जुटा हुआ है। अगले हफ्ते तक तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया जाएगा। 9 नवंबर को कैंपस में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सवाल-अगले एक साल में पेक में क्या नया होगा?

जवाब- 2021-22सत्र पेक के लिए खास है तो उसे और भी खास बनाने की कोशिश रहेगी। 2021 अंत तक शिक्षकों की कमी काफी हद तक पूरी हो जाएगी। 56 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों को रेगुलर तौर पर भरा जाएगा। बीते साल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मिले 100 करोड़ को नई प्रोजेक्ट्स पर खर्च किया जाएगा। टीचर्स के लिए पेक में 40 फ्लैट्स बनाने के प्रपोजल पर काम चल रहा है। जल्द ही पेक में गेस्ट हाउस को भी बेहतर बनाया जाएगा। कैंपस में पोस्ट ग्रेजुएट स्तर पर कुछ नए कोर्स भी शुरु करने की प्लानिग है। रिसर्च पर भी अब हमारा फोकस है। सवाल-कोविड-19 के कारण अभी भी कैंपस पूरी तरह नहीं खुला है?

जवाब-हमारे लिए कोविड गाइडलाइन का पालन करना जरुरी है। इसलिए फिलहाल सिर्फ बीई अंतिम सेमेस्टर और पीएचडी रिसर्च स्कॉलर को ही कैंपस में बुलाया गया है। जैसे ही हालात कुछ बेहतर होंगे कैंपस में सभी स्टूडेंट्स को एंट्री मिल सकेगी। सवाल-पेक को रैंकिग इसकी ख्याति के हिसाब से नहीं मिल पाती?

जवाब-रैंकिग को लेकर पहले इतना फोकस नहीं होता था, लेकिन अब यह संस्थानों के लिए जरुरी मापदंड बन गए हैं। हम इसपर अब पूरा फोकस कर रहे हैं। भविष्य में पेक की रैंकिग बेहतर होगी। रेगुलर टीचर्स की भर्ती और रिसर्च पर फोकस से यह संभव होगा। क्वालिटी एजुकेशन में पेक टॉप के इंजीनियरिग इंस्टीट्यूट्स को टक्कर दे सकता है।

सवाल-पेक में 9 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर क्या तैयारियां हैं?

जवाब-पेक के फाउंडेशन डे पर कैंपस में कुछ खास हस्तियों को बुलाया जाएगा। प्रशासन और शहर की कुछ नामी हस्तियां इसमें शामिल होंगी। कोविड के कारण मेहमानों की संख्या कुछ कम हो सकती है। कोविड-19 से स्थिति बेहतर होते ही पेक एल्युमनी के लिए भी विशेष प्रोग्राम की योजना है।

chat bot
आपका साथी