निगम चुनाव में प्रवासी वोट बैंक होगा निर्णायक

राजेश ढल्ल चंडीगढ़ 24 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव में शहर में रहने वाला प्रवासी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 06:15 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 06:15 AM (IST)
निगम चुनाव में प्रवासी वोट बैंक होगा निर्णायक
निगम चुनाव में प्रवासी वोट बैंक होगा निर्णायक

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़

24 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव में शहर में रहने वाला प्रवासी वोट बैंक अहम निर्णायक भूमिका निभाएगा। शहर में उत्तराखंड, उतरप्रदेश, हिमाचल, बिहार के हजारों लोग अपने परिवार के साथ रहते हैं। इन चार राज्यों के शहर में करीब तीन लाख मतदाता हैं। जबकि नगर निगम चुनाव के लिए कुल साढ़े छह लाख मतदाता हैं। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी इन मतदाताओं पर विशेष नजर रखते हैं, इसलिए इन दोनो दलों ने इन राज्यों से संबंध रखने वाले उम्मीदवारों को भी टिकट देकर मैदान में खड़ा किया है। शहर के हर वार्ड में प्रवासी लोग अपने परिवार के साथ रहते हैं। राजनीतिक दलों द्वारा तैयार किए जाने वाले घोषणा पत्र में भी इन लोगों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

अगले सप्ताह इन मतदाताओं को लुभाने के लिए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी, उतरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर भी आ रहे हैं। 10 दिसंबर को हिमाचली धाम के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आ रहे हैं। भाजपा की ओर से अपनी स्टार प्रचारक की सूची में इन नेताओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस की ओर से भी शहर में रहने वाले हिमाचल के लोगों को अपनी पार्टी के साथ जोड़ने के लिए सांसद प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य को जनसभा के लिए बुलाया जा रहा है। कांग्रेस ने हिमाचल के विधायक राजेंद्र राणा को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का आब्जर्वर मनोनीत किया गया है। कांग्रेस की ओर से उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत भी चुनाव प्रचार के लिए आ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से बिहार के मतदाताओं को लुभाने के लिए कन्हैया कुमार को तीन दिन के लिए बुलाया जा रहा है। केंद्र सरकार में उतरप्रदेश से संबंध रखने वाले मंत्री भी शहर में प्रचार के लिए आ रहे हैं।

उत्तराखंड से संबंध रखने वाले चार उम्मीदवारों को भाजपा ने दी टिकट

नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने दूसरे दलों के मुकाबले में उत्तराखंड से संबंध रखने वाले ज्यादा उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। जिनमे शक्तिदेव शाली, हीरा नेगी, भूपेंद्र शर्मा और रवि रावत का नाम शामिल है। जबकि कांग्रेस ने वार्ड 27 से गुरबख्श रावत को टिकट दी है। आम आदमी पार्टी ने विक्रम पुंडीर को वार्ड 30 से उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने हिमाचल से संबंध रखने वाले मेयर रविकांत शर्मा, रविंदर पठानिया को टिकट दी है। कांग्रेस ने हिमाचल से संबंध रखने वाली दो महिला उम्मीदवारों को टिकट दी है, जिनमे वार्ड 28 से निर्मला देवी और वार्ड 18 से सरोज शर्मा का नाम शामिल है। आप के चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन चंद्रमुखी शर्मा का संबंध भी हिमाचल से हैं जो कि वार्ड 13 से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्वाचल से संबंध रखने रखने वाले बिमला दूबे और पप्पू शुक्ला को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पूर्वाचंल से संबंध रखने वाली ममता देवी को वार्ड नौ से उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी ने पूर्वाचंल से संबंध रखने वाले वंदना यादव, राजेश चौधरी और राम चंद्र यादव को उम्मीदवार बनाया है।

chat bot
आपका साथी