चंडीगढ़ के होटल में लगाया जा रहा था सट्टा, पुलिस ने रेड कर एक को दबोचा, तीन फरार, कैश बरामद

चंडीगढ़ पुलिस ने एक होटल में सट्टा लगाते एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन आरोपित पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। वहीं दूसरे मामले में पुलिस नेे दो और लोगों को भी सट्टा लगाते पकड़ा है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 02:51 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 02:51 PM (IST)
चंडीगढ़ के होटल में लगाया जा रहा था सट्टा, पुलिस ने रेड कर एक को दबोचा, तीन फरार, कैश बरामद
पकड़े गए आरोपितों से पुलिस को कैश भी बरामद हुआ है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक होटल में सट्टा खेला जा रहा था। इसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस की एक टीम ने होटल में रेड की। इंडस्ट्रियल एरिया के होटल रॉयल प्लाजा में चार लोग सट्टा खेल रहे थे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले तीन लोग होटल से फरार हो चुके थे जबकि एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाले रामसुंदर के तौर पर हुई है।   

जानकारी के अनुसार आरोपित रामसुंदर के पास से कुल 6600 रुपयों की बरामदगी भी हुई है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र को सूचना मिली कि होटल रॉयल प्लाजा में कुछ लोग सट्टा लगा रहे हैं। इसके बाद एसएचओ के निर्देशानुसार दड़वा चौकी इंचार्ज के सुपरविजन में एक टीम बनाकर होटल में भेजी गई। मौके पर पहुंची टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ जो तीन लोग सट्टा लगा रहे थे वह उन्हें नहीं जानता है। हालांकि पुलिस ने पकड़े गए आरोपित को बाद में जमानत पर छोड़ दिया है। 

आइटी पार्क थाना पुलिस ने दो को दबोचा

इधर, शहर की आइटी पार्क थाना पुलिस ने एरिया में छापामारी कर दो अलग-अलग जगह से सट्टा लगाते दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस ने कुल 29 हजार 845 रुपये जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले चमनलाल उर्फ बंटी और एनआइसी, मनीमाजरा के रहने वाले दीपक कुमार को तौर पर हुई है। दोनों को थाने से कानूनी कार्रवाई के बाद जमानत पर छोड़ा गया।

chat bot
आपका साथी